Breaking Newsभारतराजनीति

जखनियां (गाजीपुर) : जखनियां रेलवे स्टेशन के विकास के लिए राज्यसभा सांसद संगीता बलवंत ने उठाई आवाज

जखनियां रेलवे स्टेशन के विकास के लिए राज्यसभा सांसद संगीता बलवंत ने उठाई आवाज

एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव, अंडरपास निर्माण व यात्री सुविधाओं के विस्तार की मांग

जखनियां (गाजीपुर)। रेलवे वाराणसी मंडल जनप्रतिनिधि सभा की बैठक में गाजीपुर की आयरन लेडी के नाम से चर्चित राज्यसभा सांसद संगीता बलवंत ने जनपद के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर मेल एवं एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव तथा यात्री सुविधाओं के विस्तार का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। इस संबंध में उन्होंने मंडल रेल प्रबंधक को एक मांगपत्र भी सौंपा।सांसद ने विशेष रूप से जखनियां रेलवे स्टेशन की समस्याओं को रखते हुए ट्रेन संख्या 22539/22540 मऊ-आनंद विहार एक्सप्रेस के ठहराव की मांग की। साथ ही प्लेटफार्म संख्या-1 एवं 2 पर पीपी शेल्टर का विस्तार करने का सुझाव दिया, जिससे यात्रियों को गर्मी, सर्दी एवं बरसात के मौसम में राहत मिल सके।उन्होंने जखनियां स्टेशन के उत्तरी रेलवे क्रॉसिंग पर दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों के लिए पुराने फाटक के समीप अंडरपास निर्माण की मांग भी की, जिससे क्षेत्र में लगने वाले जाम एवं भीड़भाड़ की समस्या का स्थायी समाधान हो सके।सांसद ने मुख्य सड़क से जखनियां रेलवे स्टेशन को जोड़ने वाली रेलवे सड़क की जर्जर स्थिति एवं अतिक्रमण की समस्या का भी उल्लेख किया। उन्होंने सड़क के चौड़ीकरण, मरम्मत एवं अतिक्रमण हटाने की मांग करते हुए यात्रियों की सुविधाओं को प्राथमिकता देने की बात कही।इसके अलावा प्लेटफार्म संख्या-1 से प्लेटफार्म संख्या-2 तक दिव्यांगजन, बुजुर्ग एवं बीमार यात्रियों के आवागमन हेतु सुगम मार्ग बनाने की मांग की गई।

दोहरीकरण कार्य के दौरान हटाए गए प्लेटफार्म संख्या-2 का पुनर्निर्माण कराने की आवश्यकता भी सांसद ने प्रमुखता से उठाई।भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष प्रमोद वर्मा ने कहा कि राज्यसभा सांसद संगीता बलवंत पूर्व में भी संसद के भीतर जखनियां रेलवे स्टेशन के पुनरुद्धार एवं विकास का मुद्दा उठा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि सांसद द्वारा रखी गई मांगों से क्षेत्रवासियों में नई उम्मीद जगी है तथा लोग उनके प्रति आभार व्यक्त कर रहे हैं।वर्मा ने रेलवे मंत्रालय एवं विभागीय अधिकारियों से मांग की कि जखनियां स्टेशन पर यात्री सुविधाओं का विस्तार किया जाए, मेल एवं एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित किया जाए तथा पैसेंजर ट्रेनों में डिब्बों की संख्या बढ़ाई जाए। उन्होंने कहा कि जखनियां क्षेत्र के लिए रेलवे ही आवागमन का प्रमुख साधन है, इसलिए यहां सुविधाओं का विस्तार समय की मांग है।उन्होंने विश्वास जताया कि सांसद संगीता बलवंत द्वारा उठाई गई मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई होगी और जखनियां रेलवे स्टेशन का कायाकल्प कर यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने कहा कि सांसद क्षेत्र के पिछड़े इलाकों के विकास के लिए सदैव प्रतिबद्ध हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button