Breaking Newsभारत

जखनियां (गाजीपुर) : अब गांव-गांव पहुंचेगा सचल न्यायालय, घर के पास मिलेगा त्वरित न्याय

अब गांव-गांव पहुंचेगा सचल न्यायालय, घर के पास मिलेगा त्वरित न्याय

जखनियां गोविंद के पंचायत भवन में लगा मोबाइल कोर्ट, आठ मामलों में दी गई कानूनी सलाह व समाधान का भरोसा

जखनियां (गाजीपुर), 31 जुलाई। उच्च न्यायालय के निर्देश के क्रम में जनपद एवं सत्र न्यायालय गाजीपुर के तत्वावधान में शुक्रवार को जखनियां तहसील क्षेत्र के ग्राम सभा जखनियां गोविंद स्थित पंचायत भवन में सचल न्यायालय (मोबाइल कोर्ट) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्राम न्यायालय के न्यायाधिकारी अमित कुमार यादव तथा उपजिलाधिकारी अतुल कुमार की उपस्थिति में ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं और उन्हें आवश्यक कानूनी परामर्श प्रदान किया गया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए न्यायाधिकारी अमित कुमार यादव ने बताया कि उच्च न्यायालय के आदेश के अनुपालन में जखनियां तहसील के अंतर्गत आने वाली सभी ग्राम पंचायतों में प्रत्येक माह के अंतिम सप्ताह में निर्धारित तिथियों पर सचल न्यायालय का आयोजन किया जाएगा। इसका उद्देश्य ग्रामीणों को न्यायालय तक आने की बजाय न्याय को उनके द्वार तक पहुंचाना है, जिससे छोटे एवं सामान्य मामलों का शीघ्र और प्रभावी निस्तारण हो सके। उपजिलाधिकारी अतुल कुमार ने कहा कि सचल न्यायालय के माध्यम से राजस्व, ग्राम न्यायालय तथा अन्य स्थानीय विवादों से जुड़े मामलों में दोनों पक्षों की बात सुनकर निष्पक्ष समाधान का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस पहल से ग्रामीणों का समय और धन दोनों की बचत होगी तथा न्यायिक प्रक्रिया अधिक सरल और सुलभ बनेगी।सचल न्यायालय में विभिन्न समस्याओं को लेकर पहुंचे आठ वादी-प्रतिवादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुना गया।

न्यायाधिकारी एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने सभी मामलों में संबंधित पक्षों को उचित कानूनी सलाह, आवश्यक मार्गदर्शन तथा नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया।ग्रामीणों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि गांव स्तर पर न्यायालय लगने से लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए दूर-दराज के न्यायालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और समय पर न्याय मिलने की संभावना बढ़ेगी।इस अवसर पर प्रधान प्रतिनिधि अशोक गुप्ता, उमेश, कृपा यादव, मुकेश गुप्ता सहित ग्राम सभा के सम्मानित सदस्य, वादी-प्रतिवादी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button