गाजीपुर : 25 अगस्त को गाजीपुर में होगी महिला जनसुनवाई एवं जागरूकता चौपाल

25 अगस्त को गाजीपुर में होगी महिला जनसुनवाई एवं जागरूकता चौपाल
महिलाओं को कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ समस्याओं का होगा समाधान
गाजीपुर, 22 अगस्त। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग द्वारा महिलाओं से संबंधित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाने, महिला उत्पीड़न की रोकथाम तथा महिलाओं को त्वरित न्याय उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 25 अगस्त 2026 को गाजीपुर में महिला जनसुनवाई एवं समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी।जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय कुमार सोनी ने बताया कि महिलाओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए महिलाओं से संबंधित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं विषयक जागरूकता चौपाल एवं महिला जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में महिलाओं की समस्याओं एवं शिकायतों को सुनकर उनके प्रभावी निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया जाएगा।उन्होंने बताया कि जनपद गाजीपुर में यह कार्यक्रम निरीक्षण भवन/गेस्ट हाउस, प्रांतीय खंड, लोक निर्माण विभाग में आयोजित होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्य महिला आयोग की माननीय सदस्य श्रीमती सुनीता श्रीवास्तव करेंगी।महिला जनसुनवाई एवं समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी द्वारा नामित वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, महिला थानाध्यक्ष तथा संबंधित थाने के क्षेत्राधिकारी की उपस्थिति रहेगी। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को शासन की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ उनकी शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है।



