गाजीपुर : कस्तूरबा विद्यालयों में खाद्य पदार्थों के 11 सर्विलांस नमूने लिए गए

कस्तूरबा विद्यालयों में खाद्य पदार्थों के 11 सर्विलांस नमूने लिए गए
जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत होगी कार्रवाई

गाजीपुर, 22 अगस्त। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की ओर से विशेष अभियान चलाया गया। 21 एवं 22 अगस्त 2026 को चलाए गए अभियान के दौरान जनपद के विभिन्न कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों से कुल 11 सर्विलांस नमूने संग्रहित किए गए।सहायक आयुक्त (खाद्य)-II गाजीपुर के निर्देश पर लिए गए नमूनों में बाराचवर स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय से तैयार गेहूं की रोटी एवं सब्जी, गंगौली कासिमाबाद से तैयार मटर-छोला सब्जी एवं चावल तथा जखनिया स्थित विद्यालय से पका चावल एवं रोटी के नमूने शामिल हैं।
इसी प्रकार सादात, जखनिया स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय से पका चावल, अरहर-चना मिश्रित पकी दाल, पकी रोटी एवं पकी सब्जी के नमूने लिए गए। सैदपुर स्थित विद्यालय से पकी अरहर की दाल का नमूना संग्रहित किया गया।विभाग के अनुसार सभी संग्रहित नमूनों को जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला, उत्तर प्रदेश भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता में किसी प्रकार की कमी पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत विधिक कार्रवाई की जाएगी।नमूना संग्रह की कार्रवाई खाद्य सुरक्षा अधिकारियों गुलाबचन्द गुप्त, बिपिन कुमार गिरि, धनन्जय सिंह, अरविन्द्र प्रजापति, पंकज कुमार कन्नौजिया एवं अमर नाथ द्वारा की गई।



