गाजीपुर : ₹25 हजार का इनामिया बदमाश पुलिस मुठभेड़ में घायल, अवैध तमंचे के साथ गिरफ्तार

₹25 हजार का इनामिया बदमाश पुलिस मुठभेड़ में घायल, अवैध तमंचे के साथ गिरफ्तार
गाजीपुर, 2 जुलाई। जनपद में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सैदपुर पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामिया वांछित अभियुक्त को पुलिस मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक .315 बोर का देशी तमंचा, दो खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है।पुलिस के अनुसार, थाना सैदपुर पर दर्ज मुकदमा संख्या 41/2026 धारा 103(1)/238 बीएनएस में वांछित 25 हजार रुपये के इनामिया अभियुक्त नगीना बनवासी (49 वर्ष) पुत्र स्व. बुधई बनवासी, निवासी ग्राम भड़सर थाना बिरनो (वर्तमान पता- ग्राम शेरमठ, थाना करीमुद्दीनपुर) के सिकंदरपुर गांगी नदी स्थित बबुरहनी पुल के पास आने की सूचना मुखबिर से मिली।सूचना के आधार पर प्रभारी निरीक्षक अनिल सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घेराबंदी की। पुलिस के अनुसार, आत्मसमर्पण करने के लिए कहने पर अभियुक्त भागने लगा और खुद को घिरा देख पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में अभियुक्त के दाहिने पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया।घायल अभियुक्त को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। उसके कब्जे से एक .315 बोर का देशी तमंचा, दो खोखा कारतूस तथा एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध सैदपुर थाने में हत्या एवं आर्म्स एक्ट सहित दो मुकदमे दर्ज हैं। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।



