Breaking Newsभारत

गाजीपुर : स्वयं सहायता समूहों को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर, सीडीओ ने योजनाओं का लाभ हर पात्र तक पहुंचाने के दिए निर्देश

स्वयं सहायता समूहों को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर, सीडीओ ने योजनाओं का लाभ हर पात्र तक पहुंचाने के दिए निर्देश

गाजीपुर, 07 जुलाई 2026। दीनदयाल अंत्योदय योजना–राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के अंतर्गत गठित स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों को विभिन्न लाभकारी योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से विकास खंड जमानियां एवं करण्डा में कार्यशाला एवं संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद ने की।संवाद कार्यक्रम के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं से संवाद स्थापित कर उनके कार्यों की जानकारी ली और उन्हें अपने उत्पादों की गुणवत्ता एवं व्यवसाय को और बेहतर बनाने के लिए प्रेरित किया। महिलाओं ने हैंडवॉश, फिनायल, हार्पिक, अगरबत्ती, रेडीमेड कपड़े, झाड़ू, मसाले, कॉस्मेटिक सामग्री की बिक्री तथा कृषि कार्य जैसी आजीविका गतिविधियों की जानकारी साझा की।मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद ने कहा कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं एवं जरूरतमंद परिवारों को आत्मनिर्भर बनाकर उन्हें स्वरोजगार और आर्थिक सशक्तिकरण से जोड़ना है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जाए।उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों को बैंक ऋण, प्रशिक्षण, स्वरोजगार गतिविधियों तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़कर उनकी आय बढ़ाने के प्रभावी प्रयास किए जाएं। साथ ही प्रत्येक पात्र परिवार का सर्वे कर उन्हें राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जोड़ने की कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने की हिदायत देते हुए कहा कि स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार उत्पादों के लिए बेहतर बाजार, ब्रांडिंग और बिक्री की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जब ग्रामीण महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त होंगी, तभी उनका परिवार और गांव भी सशक्त बनेगा।कार्यशाला में स्वयं सहायता समूहों के गठन, बैंक लिंकेज, आजीविका गतिविधियों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों, स्वरोजगार योजनाओं एवं अन्य लाभार्थीपरक योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। अधिकारियों ने योजनाओं के प्रभावी संचालन और पात्र लाभार्थियों तक अधिक से अधिक लाभ पहुंचाने के लिए आवश्यक सुझाव भी साझा किए।इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी जमानियां, खंड विकास अधिकारी करण्डा, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़े अधिकारी, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button