गाजीपुर : स्कूली वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था होगी सख्त, फिटनेस और चालकों के सत्यापन की होगी जांच

स्कूली वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था होगी सख्त, फिटनेस और चालकों के सत्यापन की होगी जांच

गाजीपुर, 25 अगस्त 2026। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में जिला विद्यालय ज्ञान समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई। बैठक में छात्र-छात्राओं की सुरक्षित परिवहन व्यवस्था को लेकर विद्यालयों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि प्रत्येक विद्यालय में परिवहन समिति का गठन कर उसकी नियमित बैठक कराई जाए। विद्यालयों से समन्वय स्थापित करने और परिवहन व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए कंट्रोल रूम की स्थापना भी सुनिश्चित की जाएगी।बैठक में विद्यालयों में संचालित सभी वाहनों के फिटनेस प्रमाण-पत्र, परमिट और अन्य आवश्यक अभिलेखों की अनिवार्य रूप से जांच कराने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस, पुलिस सत्यापन सहित अन्य जरूरी दस्तावेजों की भी जांच सुनिश्चित करने को कहा गया।जिलाधिकारी ने कहा कि छात्र-छात्राओं को ले जाने वाले वाहन चालकों को ड्राइविंग से संबंधित बेसिक गाइडलाइन की जानकारी होना आवश्यक है। स्कूल बसों में फर्स्ट एड बॉक्स, पेयजल की व्यवस्था तथा चालकों और संबंधित कर्मचारियों को सीपीआर विधि की जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। इसके लिए प्रशिक्षण आयोजित कर विद्यालयों से प्रशिक्षण संबंधी प्रमाण पत्र भी प्राप्त करने को कहा गया।राजमार्गों पर स्थित विद्यालयों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए ब्लिंक इंडिकेटर लगाने के निर्देश भी दिए गए, ताकि विद्यालय के निकट से गुजरने वाले वाहनों को बच्चों की आवाजाही की जानकारी समय रहते मिल सके।जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि निर्धारित सुरक्षा मानकों को पूरा नहीं करने वाले किसी भी वाहन का प्रयोग छात्र-छात्राओं के परिवहन में नहीं किया जाएगा। वाहनों की नियमित जांच और परिवहन व्यवस्था की लगातार निगरानी की जाए तथा किसी भी स्तर पर कमी पाए जाने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। परिवहन व्यवस्था से संबंधित सूचनाओं और समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए विद्यालय प्रशासन एवं संबंधित अधिकारियों के बीच निरंतर समन्वय बनाए रखा जाएगा।बैठक में संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।



