गाजीपुर : कृषि विभाग में 78 नवनियुक्त प्राविधिक सहायकों को मिला नियुक्ति पत्र, खिले चेहरे

कृषि विभाग में 78 नवनियुक्त प्राविधिक सहायकों को मिला नियुक्ति पत्र, खिले चेहरे

गाजीपुर, 25 अगस्त 2026। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा कृषि विभाग में प्राविधिक सहायक ग्रुप-सी के पद पर चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम मंगलवार को विकास भवन सभागार में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनपद के लिए चयनित 78 अभ्यर्थियों, जिसमें 17 महिला अभ्यर्थी शामिल हैं, को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। नियुक्ति पत्र मिलते ही नवनियुक्त अभ्यर्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे।कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद संगीता बलवंत, विशिष्ट अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल तथा मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद रहे। अतिथियों ने चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद संगीता बलवंत ने सभी नवनियुक्त प्राविधिक सहायकों को बधाई देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश सरकार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए पारदर्शिता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि कृषि विभाग में आपकी नियुक्ति महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है, क्योंकि आप सीधे किसानों से जुड़कर कार्य करेंगे। उन्होंने नवनियुक्त कर्मचारियों से ईमानदारी, निष्ठा और पूरी जिम्मेदारी के साथ किसानों की सेवा करने का आह्वान किया।नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल ने कहा कि नियुक्ति पत्र मिलना केवल नौकरी प्राप्त करना नहीं, बल्कि राष्ट्र और समाज की सेवा का अवसर भी है। उन्होंने सभी नवनियुक्त प्राविधिक सहायकों से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी लगन और ईमानदारी से करने की अपील की।मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद ने कहा कि सरकार की मंशा कृषि विभाग की योजनाओं का लाभ अंतिम पायदान पर खड़े किसान तक पहुंचाना है। नवनियुक्त प्राविधिक सहायक फील्ड में जाकर किसानों को उन्नत कृषि तकनीक, गुणवत्तापूर्ण बीज, खाद तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।कार्यक्रम का मुख्य आयोजन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लखनऊ स्थित लोक भवन में किया गया था। इसका सजीव प्रसारण विकास भवन सभागार में उपस्थित लोगों ने देखा और सुना। मुख्यमंत्री ने प्रदेशभर में नियुक्त किए गए प्राविधिक सहायकों को बधाई देते हुए कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीक और नवाचार को बढ़ावा देने का आह्वान किया।कार्यक्रम के दौरान नवनियुक्त अभ्यर्थियों और उनके परिजनों में उत्साह का माहौल रहा। नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों ने इसे अपने करियर की नई शुरुआत बताते हुए खुशी जताई।इस अवसर पर जिला कृषि अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी सहित कृषि विभाग के अन्य अधिकारी, नवनियुक्त प्राविधिक सहायक, अभ्यर्थी एवं उनके परिजन उपस्थित रहे।



