गाजीपुर : रसोइयों को मिला स्वास्थ्य सुरक्षा कवच, पांच लाभार्थियों को वितरित हुए कैशलेस हेल्थ कार्ड

रसोइयों को मिला स्वास्थ्य सुरक्षा कवच, पांच लाभार्थियों को वितरित हुए कैशलेस हेल्थ कार्ड
मानदेय बढ़कर ₹3 हजार हुआ, ₹5 लाख तक कैशलेस इलाज और ₹2 लाख का बीमा कवर : जिलाधिकारी

गाजीपुर, 23 अगस्त 2026 (सू0वि0)। रायफल क्लब, गाजीपुर में रविवार को पीएम पोषण योजनांतर्गत कार्यरत रसोइयों के सम्मान समारोह एवं मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया, जिसका रायफल क्लब में मौजूद जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं लाभार्थियों ने सजीव प्रसारण के माध्यम से देखा और सुना।कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत तथा विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत प्रशासक सपना सिंह रहीं। समारोह में परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत रसोइयों, शिक्षकों, शिक्षा विभाग के अधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की।मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना के अंतर्गत जनपद के बेसिक शिक्षा विभाग में कार्यरत पात्र पांच रसोइयों को प्रतीकात्मक रूप से हेल्थ कार्ड वितरित किए गए। इस दौरान लाभार्थी रसोइयों का माल्यार्पण कर स्वागत एवं अभिनंदन भी किया गया।
बच्चों का स्वास्थ्य ही देश के भविष्य का आधार : संगीता बलवंत
मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत ने रसोइयों को बधाई देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना रसोइयों एवं उनके आश्रितों को गुणवत्तापूर्ण, सुगम और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में राज्य सरकार की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी पहल है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने रसोइयों के मानदेय में वृद्धि करते हुए इसे ₹2,000 से बढ़ाकर ₹3,000 किया है। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन के पावन पर्व पर मुख्यमंत्री ने भाई का दायित्व निभाते हुए रसोइया बहनों को यह उपहार दिया है। उन्होंने रसोइयों से अपील की कि वे विद्यालयों में बच्चों के लिए पौष्टिक एवं स्वच्छ भोजन तैयार करें, क्योंकि जब बच्चे स्वस्थ रहेंगे, तभी देश का भविष्य स्वस्थ और मजबूत होगा।
योजना का अधिकतम लाभ उठाएं : सपना सिंह
विशिष्ट अतिथि सपना सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना रसोइयों एवं उनके आश्रितों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी। उन्होंने पात्र लाभार्थियों से योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने तथा आवश्यकता पड़ने पर कैशलेस चिकित्सा सुविधा का उपयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और अधिकाधिक पात्र लाभार्थियों को इसका लाभ दिलाने के लिए विभागीय स्तर पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।
रसोइयों को मिला सामाजिक सुरक्षा का कवच : सरिता अग्रवाल
नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री ने भाई के रूप में रसोइया बहनों को सामाजिक सुरक्षा का कवच प्रदान किया है। उन्होंने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री को बधाई देते हुए कहा कि कैशलेस चिकित्सा सुविधा से रसोइयों और उनके परिवारों को इलाज के दौरान बड़ी राहत मिलेगी।
6538 रसोइयों को मिल रहा योजना का लाभ : डीएम
जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने बताया कि जनपद में कुल 6538 रसोइयां कार्यरत हैं। प्रदेश सरकार द्वारा पूर्व में उनका मानदेय ₹2,000 से बढ़ाकर ₹3,000 किया गया है। इसके साथ ही पात्र रसोइयों को ₹5 लाख तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इसके तहत सरकारी अस्पतालों के साथ-साथ निजी अस्पतालों में भी उपचार की सुविधा प्राप्त की जा सकती है।उन्होंने बताया कि दुर्घटना की स्थिति में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया द्वारा ₹2 लाख का बीमा कवर भी उपलब्ध कराया गया है। इसके अलावा रसोइयों की ड्रेस के लिए दी जाने वाली राशि को ₹500 से बढ़ाकर ₹1,000 किया गया है।जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में रसोइयों के करीब 500 से 600 पद रिक्त हैं, जिन्हें जिला प्रशासन द्वारा भरने की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि इन पदों पर चयन में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद, जिला विकास अधिकारी राजन राय सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक, रसोइया एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन भगवती प्रसाद तिवारी ने किया। अंत में खण्ड शिक्षा अधिकारी मुख्यालय राजीव यादव ने सभी अतिथियों, अधिकारियों, शिक्षकों, रसोइयों एवं उपस्थित गणमान्यजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।



