गाजीपुर : कस्तूरबा विद्यालय में डीएम ने छात्राओं से किया संवाद, व्यवस्थाओं में सुधार के दिए निर्देश

कस्तूरबा विद्यालय में डीएम ने छात्राओं से किया संवाद, व्यवस्थाओं में सुधार के दिए निर्देश
भोजन की गुणवत्ता, स्वास्थ्य सुविधाओं और छात्राओं की समस्याओं का लिया जायजा; बैडमिंटन कोर्ट बनवाने के निर्देश

गाजीपुर, 23 अगस्त 2026। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने रविवार को कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, बाराचवर का स्थलीय निरीक्षण कर विद्यालय की व्यवस्थाओं, छात्राओं की उपस्थिति, भोजन की गुणवत्ता तथा उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने छात्राओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराने के निर्देश दिए।विद्यालय भवन की स्थिति का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने वृहद मरम्मत के लिए निदेशालय को पत्र प्रेषित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालय में खराब पड़े पंखों को तत्काल दुरुस्त कराने को कहा। निरीक्षण के दौरान नामांकित छात्राओं के सापेक्ष 53 छात्राएं उपस्थित मिलीं।
मेनू के अनुसार समय से भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश
जिलाधिकारी ने छात्राओं को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की व्यवस्था की जानकारी ली। व्यवस्थाओं में कमी पाए जाने पर उन्होंने संबंधित वार्डन के प्रति नाराजगी व्यक्त करते हुए छात्राओं को निर्धारित मेनू के अनुसार समय से गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि छात्राओं को बेहतर आवासीय सुविधाओं के साथ-साथ स्वास्थ्य सेवाएं और पर्याप्त खेलकूद की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
छात्राओं के साथ बैडमिंटन खेलकर बढ़ाया उत्साह
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने छात्राओं के साथ बैडमिंटन खेलकर उनका उत्साहवर्धन किया। छात्राओं की खेल प्रतिभा और रुचि को देखते हुए उन्होंने एसडीएम मुहम्मदाबाद को क्षेत्र पंचायत अथवा ग्राम पंचायत के माध्यम से विद्यालय परिसर में बैडमिंटन कोर्ट बनवाने के निर्देश दिए।छात्राओं द्वारा विद्यालय परिसर में खो-खो कोर्ट बनवाने का अनुरोध किए जाने पर जिलाधिकारी ने सहमति प्रदान करते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
छात्राओं की आंखों की होगी जांच
जिलाधिकारी ने छात्राओं के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम भेजकर छात्राओं की आंखों की जांच कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छात्राओं के स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाना चाहिए और आवश्यक उपचार एवं दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।उन्होंने विद्यालय में छात्राओं को उपलब्ध कराई जा रही डीबीटी की धनराशि का शत-प्रतिशत भुगतान सुनिश्चित कराने के भी निर्देश दिए।निरीक्षण के अंत में जिलाधिकारी ने कहा कि छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण भोजन, बेहतर आवासीय सुविधा, स्वास्थ्य सेवाएं और खेलकूद के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। छात्राओं द्वारा बताई गई समस्याओं का समयबद्ध एवं प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराया जाए। इस दौरान जिलाधिकारी ने छात्राओं को चॉकलेट वितरित कर उनका उत्साहवर्धन भी किया।इस अवसर पर उप जिलाधिकारी मुहम्मदाबाद, खंड शिक्षा अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



