गाजीपुर : बिरनो के तीन गांवों में स्वास्थ्य शिविर, 241 ग्रामीणों की हुई जांच

बिरनो के तीन गांवों में स्वास्थ्य शिविर, 241 ग्रामीणों की हुई जांच

गाजीपुर, 19 अगस्त। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के निर्देश पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिरनो के तत्वावधान में 13 अगस्त को ग्राम बघोल, शेखपुर एवं नखतपुर में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया गया। शिविर में चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यकतानुसार निःशुल्क दवाएं वितरित कीं।शिविर में रक्तचाप, शुगर सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांचें की गईं और मरीजों को उनकी स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार उचित चिकित्सा परामर्श दिया गया। चिकित्सकों ने ग्रामीणों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित स्वास्थ्य जांच कराने तथा बीमारियों से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया।स्वास्थ्य विभाग के अनुसार बघोल में 46 महिलाओं व 39 पुरुषों, शेखपुर में 43 महिलाओं व 40 पुरुषों तथा नखतपुर में 35 महिलाओं व 38 पुरुषों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया और निःशुल्क दवा प्राप्त की। तीनों गांवों में कुल 241 ग्रामीणों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।चिकित्सकों ने बताया कि ऐसे स्वास्थ्य शिविरों का उद्देश्य ग्रामीणों को उनके नजदीक ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा समय पर जांच एवं उपचार सुनिश्चित करना है।शिविर के आयोजन में बघोल में श्रीमती अर्चना यादव, शेखपुर में श्रीमती वंदना मिश्रा एवं जिज्ञासा चित्रांशी सीएचओ तथा श्रीमती निर्मला यादव एवं श्रीमती रेखा यादव एएनएम का सहयोग रहा।



