Breaking Newsभारत

गाजीपुर : किसान दिवस में छाए सिंचाई, बिजली और एफएमडी टीकाकरण के मुद्दे

किसान दिवस में छाए सिंचाई, बिजली और एफएमडी टीकाकरण के मुद्दे

गाजीपुर, 19 अगस्त। विकास भवन के सभागार में परियोजना निदेशक की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा जनपद के सभी विकासखंडों से आए प्रगतिशील किसानों ने भाग लिया। बैठक में किसानों ने सिंचाई, बिजली, पशु टीकाकरण सहित विभिन्न समस्याएं उठाईं।किसान दिवस में सहायक अभियंता लघु सिंचाई के अनुपस्थित रहने पर परियोजना निदेशक ने उनका वेतन बाधित करने का निर्देश दिया। जिला कृषि अधिकारी ने किसानों को बताया कि कैच क्रॉप के रूप में बोई जाने वाली तोरिया फसल के निःशुल्क बीज वितरण के लिए ऑनलाइन बुकिंग प्रक्रिया चल रही है। किसान अपने नजदीकी जनसेवा केंद्र अथवा मोबाइल के माध्यम से तोरिया बीज की बुकिंग करा सकते हैं।उन्होंने बताया कि कृषि यंत्रीकरण योजना के तहत कृषि यंत्रों की बुकिंग कराने वाले किसानों के लिए ई-लॉटरी 20 अथवा 21 अगस्त को प्रस्तावित है। इसकी जानकारी समाचार पत्रों एवं व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से किसानों को दी जाएगी।जिला कृषि अधिकारी ने पीएम किसान योजना के अंतर्गत फॉर्मर रजिस्ट्री अभियान की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 16 से 21 अगस्त तक ग्रामवार अभियान चलाया जा रहा है। जिन किसानों की फॉर्मर रजिस्ट्री नहीं बन पाई है और उनका अंश निर्धारण हो चुका है, वे संबंधित लेखपाल, जनसेवा केंद्र अथवा कृषि विभाग के कर्मचारियों से संपर्क कर जल्द फॉर्मर रजिस्ट्री बनवा लें।कृषक शिवकुमार राय निवासी सियाड़ी, भावरकोल ने गांव में अभी तक एफएमडी (मुंहपका-खुरपका) का टीका न लगने की शिकायत करते हुए टीकाकरण की व्यवस्था कराने की मांग की। इसी प्रकार पवन यादव निवासी ताड़ीघाट तथा जितेंद्र राय निवासी मिर्जाबाद ने भी अपने गांवों में पशुओं के एफएमडी टीकाकरण की मांग रखी।कृषक चंद्रबली राय निवासी ढढ़नी ने शिकायत की कि जमानिया पंप कैनाल से ताड़ीघाट रजवाहा होते हुए ढढ़नी से चौरी माइनर निकली है, लेकिन अब तक टेल तक पानी नहीं पहुंच रहा है। उन्होंने माइनर के टेल तक पानी पहुंचाने की मांग की।कृषक कृष्णानंद राय ने उतरौली गांव में बने चेकडैम का स्ट्रक्चर खराब होने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि इससे करीब 150 हेक्टेयर खेत में पानी लगा हुआ है और चेकडैम को दुरुस्त कराने की आवश्यकता है।कृषक ईश्वर शरण उपाध्याय ने महरौली विद्युत उपकेंद्र की क्षमता बढ़ाने की मांग की, ताकि किसानों को सिंचाई में परेशानी न हो। वहीं पकड़ी गांव के कृषक अनूप राय ने जर्जर विद्युत तारों की शिकायत करते हुए बताया कि कई बार शिकायत के बावजूद तार नहीं बदले गए हैं। उन्होंने जर्जर तारों को बदलने के साथ ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाने की मांग की, जिससे खेतों की सिंचाई सुचारु रूप से हो सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button