Breaking Newsभारत

गाजीपुर : निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से समझौता नहीं, तय समय में पूरे हों सभी विकास कार्य : डीएम अनुपम शुक्ला

निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से समझौता नहीं, तय समय में पूरे हों सभी विकास कार्य : डीएम अनुपम शुक्ला

नगर निकायों के निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश, जलभराव और स्वच्छता पर विशेष जोर

गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित राइफल क्लब सभागार में नगर पालिका एवं नगर पंचायतों में संचालित निर्माण एवं विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में नगर विकास से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, समयबद्धता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।जिलाधिकारी ने नगर क्षेत्रों में सड़क, नाली, जल निकासी, पेयजल आपूर्ति, स्ट्रीट लाइट, सीवर लाइन, सौंदर्यीकरण, पार्कों के विकास सहित विभिन्न निर्माणाधीन परियोजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने जिन परियोजनाओं में विलंब पाया गया, उनके लिए स्पष्ट कार्ययोजना बनाकर निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।डीएम अनुपम शुक्ला ने कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। सभी कार्य शासन के निर्धारित मानकों एवं तकनीकी विशिष्टताओं के अनुरूप ही कराए जाएं। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित किया कि निर्माण स्थलों पर सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन किया जाए तथा आमजन को अनावश्यक असुविधा न होने पाए।बैठक में नगर क्षेत्रों में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान, स्वच्छता व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने, यातायात व्यवस्था में सुधार तथा नागरिक सुविधाओं के विस्तार पर भी विस्तार से चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने वर्षा ऋतु को देखते हुए जल निकासी व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता पर दुरुस्त करने के निर्देश दिए, ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।उन्होंने अधिकारियों से नियमित स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की निगरानी करने को कहा और चेतावनी दी कि किसी भी परियोजना में लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित अधिकारी एवं कार्यदायी संस्था के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) वेद सिंह चौहान, मुख्य राजस्व अधिकारी, सभी उपजिलाधिकारी, नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी, जल निगम, विद्युत विभाग सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। अधिकारियों ने सभी निर्माण कार्यों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने का भरोसा दिलाया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button