Breaking Newsभारत

गाजीपुर : दिशा समिति की बैठक में विकास योजनाओं की हुई व्यापक समीक्षा, सांसद अफजाल अंसारी ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश,

दिशा समिति की बैठक में विकास योजनाओं की हुई व्यापक समीक्षा, सांसद अफजाल अंसारी ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश,

सड़क, बिजली, बाढ़, खाद, आयुष्मान और पेयजल योजनाओं पर जनप्रतिनिधियों ने उठाए सवाल, समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश

गाजीपुर, 22 जून। जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक रविवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सांसद अफजाल अंसारी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में विधायक ओमप्रकाश सिंह (जमानियां), सुहेब उर्फ मन्नू अंसारी (मुहम्मदाबाद), जयकिशुन साहू (सदर), बेदीराम (जखनियां), डॉ. वीरेंद्र यादव (जंगीपुर), अंकित भारती (सैदपुर), नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, ब्लॉक प्रमुख, नामित सदस्य, प्रधानगण तथा जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के प्रारंभ में पिछली बैठक की कार्यवाही एवं अनुपालन आख्या प्रस्तुत की गई। इसके बाद जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन (पीपीटी) के माध्यम से विस्तारपूर्वक प्रस्तुत की।

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के कार्य शीघ्र पूरे कराने के निर्देश
बैठक में सांसद अफजाल अंसारी ने रायपुर-जाही मार्ग, कुसुम्ही कला-मदनहीं भटौली चोचकपुर मार्ग, गौसपुर-हरिहरपुर-सरायगोकुल मार्ग तथा रेवतीपुर-तिलवा मार्ग के निर्माण कार्यों में आ रही बाधाओं को दूर कर शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए।

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पहले से की जाए तैयारी

सांसद ने कहा कि जनपद में 11 छोटी-बड़ी नदियां प्रवाहित होती हैं और गंगा नदी लगभग 65 किलोमीटर तक बहती है। बाढ़ के दौरान करीब 30 गांव प्रभावित होते हैं। ऐसे में बाढ़ संभावित क्षेत्रों में पशुओं के टीकाकरण, उपचार एवं मोबाइल वैन की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित की जाए।

खाद और आयुष्मान कार्ड की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर

उन्होंने किसानों को उनकी जोत के अनुसार पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने तथा पात्र लेकिन वंचित व्यक्तियों के आयुष्मान कार्ड बनवाने के निर्देश दिए। साथ ही महिलाओं की सुरक्षा के मद्देनजर वन स्टॉप सेंटर द्वारा घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न, बलात्कार एवं अन्य मामलों में दी गई सहायता की रिपोर्ट सभी सदस्यों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

जल जीवन मिशन की प्रगति पर जताई नाराजगी

बैठक में सदन ने जल जीवन मिशन (हर घर जल योजना) की प्रगति पर असंतोष व्यक्त किया। वहीं, पेंशन प्रकरण में 30 जीवित व्यक्तियों को मृत घोषित कर उनकी पेंशन बंद किए जाने का मामला भी उठाया गया। सांसद ने इसकी जांच कर प्राथमिकता के आधार पर पेंशन बहाल करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने संबंधित सचिवों की विभागीय जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

विद्युत विभाग की कार्यशैली पर जनप्रतिनिधियों ने उठाए सवाल
बैठक में सांसद एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने एक स्वर में विद्युत विभाग की कार्यशैली पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि जांच के नाम पर उपभोक्ताओं का उत्पीड़न बंद होना चाहिए तथा जले हुए ट्रांसफार्मरों की समय पर मरम्मत और बदलने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

सांसद ने सैदपुर में विद्युत विभाग की लापरवाही से उपभोक्ता की आत्महत्या के मामले में जिलाधिकारी द्वारा दिए गए निर्देशों को ऐतिहासिक फैसला बताते हुए इसकी सराहना की, जिस पर पूरा सदन तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

जनप्रतिनिधियों ने उठाए क्षेत्रीय समस्याओं के मुद्दे

बैठक के दौरान विधायकों एवं जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की जर्जर सड़कों, स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सकों की कमी, प्राथमिक विद्यालयों की मरम्मत, नहरों में टेल तक पानी की उपलब्धता, पेयजल संकट तथा पाइपलाइन डालने के बाद सड़कों की मरम्मत जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।

सांसद अफजाल अंसारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि बैठक में उठाई गई समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाए तथा उसकी अद्यतन प्रगति रिपोर्ट जनप्रतिनिधियों को भी उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि शासन की सभी छोटी-बड़ी योजनाओं की जानकारी एवं बैठकों में जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए।

बैठक में मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, आयुष्मान भारत, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, स्वच्छ भारत मिशन, कृषि, पशुपालन, मत्स्य, शिक्षा, कौशल विकास, पर्यटन, उद्योग, सामाजिक न्याय, अल्पसंख्यक कल्याण, पर्यावरण एवं अन्य विभागों की योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।

अंत में मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद ने सभी अतिथियों एवं जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बैठक में दिए गए सभी निर्देशों का जिलाधिकारी के नेतृत्व में समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा।
बैठक में जिला विकास अधिकारी राजन राय, परियोजना निदेशक महेंद्र प्रताप यादव सहित समस्त जनपद स्तरीय अधिकारी एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button