गाजीपुर : जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने शेरपुर व मुबारकपुर में कटानरोधी कार्यों का किया निरीक्षण

बाढ़ और कटान को लेकर प्रशासन अलर्ट
जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने शेरपुर व मुबारकपुर में कटानरोधी कार्यों का किया निरीक्षण


गाजीपुर। जनपद में संभावित बाढ़ एवं गंगा कटान को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी क्रम में गुरुवार को जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने तहसील मुहम्मदाबाद क्षेत्र के ग्राम शेरपुर एवं मुबारकपुर में चल रहे कटानरोधी निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मौके पर चल रहे बोल्डर पैचिंग एवं अन्य कटानरोधी कार्यों की गुणवत्ता का गहन परीक्षण किया। उन्होंने कार्यदायी संस्था एवं संबंधित ठेकेदारों को निर्देश देते हुए कहा कि कार्य में तेजी लाई जाए तथा अधिक से अधिक मजदूरों और उपकरणों की संख्या बढ़ाकर निर्धारित समय सीमा के भीतर हर हाल में सभी कार्य पूर्ण कराए जाएं।जिलाधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि कटानरोधी कार्यों में किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को नियमित निगरानी करते हुए गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी मुहम्मदाबाद, अधिशासी अभियंता देवकली पंप नहर तथा अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।



