Breaking Newsभारत

गाजीपुर : जन चौपाल में डीएम ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश

जन चौपाल में डीएम ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश

ग्राम सिधौना में आयोजित जन चौपाल में योजनाओं की समीक्षा, पौधरोपण व गोद भराई कार्यक्रम भी हुआ सम्पन्न

गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता एवं मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद की उपस्थिति में तहसील सैदपुर अंतर्गत ग्राम सिधौना में जन चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। जन चौपाल का मुख्य उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाना, ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण करना तथा विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करना रहा।जन चौपाल के दौरान जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। ग्रामीणों द्वारा विद्युत आपूर्ति, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, सड़क मरम्मत, राशन वितरण, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना, राजस्व संबंधी प्रकरण, पेंशन, स्वास्थ्य सेवाएं एवं शिक्षा व्यवस्था से जुड़ी समस्याएं और सुझाव प्रस्तुत किए गए।जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने उपजिलाधिकारी सैदपुर को निर्देशित किया कि सभी गांवों में भूमि विवाद रजिस्टर अनिवार्य रूप से तैयार कराया जाए। साथ ही एलडीएम को निर्देश दिया गया कि ग्राम सिधौना में विशेष शिविर लगाकर छूटे हुए लोगों के आधार कार्ड बनवाने एवं संशोधन का कार्य कराया जाए।कार्यक्रम के दौरान बाल विकास पुष्टाहार विभाग द्वारा महिलाओं की गोद भराई एवं अन्नप्राशन कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इसके उपरांत जिलाधिकारी ने पंचायत सचिवालय में स्थापित लाइब्रेरी का अवलोकन किया तथा मुख्य विकास अधिकारी के साथ सामूहिक रूप से पौधरोपण भी किया।जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि शिविरों के माध्यम से प्राप्त जन समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने कहा कि भूमि विवादों को रजिस्टर में अंकित कर व्यवस्थित रूप से निस्तारित किया जाए तथा शासन की सभी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। इसमें वृद्धावस्था पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन, बाल सेवा योजना, श्रम पंजीयन, प्रधानमंत्री किसान योजना, फार्मर रजिस्ट्री, शौचालय, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड तथा कन्या सुमंगला योजना सहित अन्य योजनाएं शामिल हैं।

जिलाधिकारी ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि जनहित से जुड़े सभी मामलों का शीघ्र एवं प्रभावी समाधान कराया जाएगा।इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी सुभाष चन्द्र सरोज, उपजिलाधिकारी सैदपुर ज्योति चौरसिया, परियोजना निदेशक दीनदयाल वर्मा, पंचायत राज अधिकारी रमेश चंद उपाध्याय, डीसी मनरेगा विजय कुमार यादव, तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी, जनपद स्तरीय अधिकारी, ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button