गाजीपुर : गहमर पुलिस का बड़ा खुलासा: चोरी की साजिश रच रहे 2 आरोपी गिरफ्तार, 3 बाल अपचारी अभिरक्षा में; 15 लाख की नकदी व आभूषण बरामद

गहमर पुलिस का बड़ा खुलासा: चोरी की साजिश रच रहे 2 आरोपी गिरफ्तार, 3 बाल अपचारी अभिरक्षा में; 15 लाख की नकदी व आभूषण बरामद
मुखबिर की सूचना पर फरीदपुर पुलिया के पास कार्रवाई, पूर्व की चोरी की घटना का भी हुआ खुलासा
गाजीपुर, 08 जुलाई। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना गहमर पुलिस एवं स्वाट टीम ग्रामीण को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चोरी की योजना बना रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए तीन बाल अपचारियों को पुलिस अभिरक्षा में लिया है। उनकी निशानदेही पर ₹5.95 लाख नकद तथा करीब ₹10 लाख के आभूषण, कुल लगभग ₹15 लाख का चोरी का माल बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार, बुधवार को चौकी प्रभारी सेवराई उपनिरीक्षक शिव प्रसाद पाण्डेय एवं स्वाट टीम ग्रामीण प्रभारी उपनिरीक्षक दीपक कुमार अपनी टीम के साथ फरीदपुर पुलिया के पास चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर चोरी की योजना बना रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में दोनों ने वर्ष 2025 में दर्ज एक चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की, जिसके बाद उनकी निशानदेही पर चोरी का माल बरामद किया गया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विनोद कुमार कमकर (58 वर्ष) एवं पंकज कुमार गुप्ता (30 वर्ष), निवासी संतरामगंज बाजार, सेवराई, थाना गहमर के रूप में हुई है। इनके साथ तीन बाल अपचारियों को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस के अनुसार, सभी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
बरामदगी में ₹5.95 लाख नकद और लगभग ₹10 लाख मूल्य के आभूषण शामिल हैं, जिनकी कुल कीमत करीब ₹15 लाख बताई गई है।इस कार्रवाई को प्रभारी निरीक्षक नन्द कुमार तिवारी, चौकी प्रभारी सेवराई उपनिरीक्षक शिव प्रसाद पाण्डेय तथा स्वाट टीम ग्रामीण प्रभारी उपनिरीक्षक दीपक कुमार एवं उनकी टीम ने संयुक्त रूप से अंजाम दिया। पुलिस ने बताया कि जिले में अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।



