यूपी: कांग्रेस की संविधान बचाओ रैली आज, दलितों को लामबंद करने की कोशिश, 11 मई से चलाया जाएगा अभियान

यूपी: कांग्रेस की संविधान बचाओ रैली आज, दलितों को लामबंद करने की कोशिश, 11 मई से चलाया जाएगा अभियान
कांग्रेस संविधान बचाने के मुद्दे को बनाए रखने के लिए विभिन्न आयोजन करने जा रही है। इसके लिए आज बस्ती में संविधान बचाओ रैली का आयोजन किया जाएगा।
कांग्रेस संविधान बचाओ रैली के जरिए दलितों को लामबंद करेगी। राज्य स्तरीय संविधान बचाओ रैली सोमवार को बस्ती के झंडेवाला चौराहा के पास बस्ती क्लब मैदान में होगी। इसमें प्रदेश अध्यक्ष अजय राय सहित सभी वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। इसके बाद जल्द ही लखनऊ में भी रैली का आयोजन किया जाएगा।
दलित वोटबैंक को हासिल करने के लिए कांग्रेस की ओर से निरंतर अभियान चलाया जा रहा है। इसी रणनीति के तहत सोमवार को बस्ती में संविधान बचाओ रैली हो रही है। इस रैली में भाजपा सरकार द्वारा सांविधानिक संस्थाओं के किए जा रहे दुरुपयोग से लोगों को वाकिफ कराया जाएगा। साथ ही प्रदेशभर में दलितों पर हो रहे हमले, पुलिस उत्पीड़न सहित अन्य मुद्दे उठाए जाएंगे। इस रैली के बाद तीन से 10 मई के बीच जिले स्तर पर भी संविधान बचाओ रैली होगी। फिर 11 से 17 मई के बीच सभी विधानसभा क्षेत्र में और 20 से 30 मई के बीच घर-घर संविधान बचाओ अभियान चलाया जाएगा।
भाजपा को दिखाएंगे लोकतांत्रिक मूल्यों की ताकत : रायअजय राय ने कहा कि भाजपा सांविधानिक संस्थाओं के दुरुपयोग एवं संविधान को बदलने के लिए आमादा है। उसकी हर चाल का कांग्रेस मुंहतोड़ जवाब देगी। मोदी सरकार ने लोकतंत्र के धागों को कमजोर कर दिया है। इनकी सोच लोकतांत्रिक ना होकर तानाशाही वाली है। इसके लिए वह किसी भी सीमा तक गिरने को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि हम गांधी के सिपाही हैं, जब हम अंग्रेजों से नहीं डरे तो इनसे क्या डरेंगे? हम लड़ेंगे और इनको लोकतांत्रिक मूल्यों की ताकत दिखाएंगे ।