गाजीपुर : एडीजी वाराणसी जोन ने किया गाजीपुर पुलिस कार्यालय का औचक निरीक्षण, अधिकारियों-कर्मचारियों को दिए आवश्यक निर्देश

एडीजी वाराणसी जोन ने किया गाजीपुर पुलिस कार्यालय का औचक निरीक्षण, अधिकारियों-कर्मचारियों को दिए आवश्यक निर्देश

गाजीपुर, 13 अगस्त। अपर पुलिस महानिदेशक, वाराणसी जोन, वाराणसी के जनपद गाजीपुर आगमन पर पुलिस कार्यालय में सलामी गार्द द्वारा उन्हें सलामी दी गई। अपर पुलिस महानिदेशक ने सलामी गार्द का अभिवादन स्वीकार किया। इसके उपरांत पुलिस अधीक्षक गाजीपुर की उपस्थिति में पुलिस कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का औचक निरीक्षण किया गया।निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस महानिदेशक ने आंकिक शाखा, डीसीआरबी, वाचक कार्यालय, शिकायती प्रार्थना पत्र शाखा, आईजीआरएस सेल, एलआईयू तथा प्रधान लिपिक कार्यालय सहित विभिन्न शाखाओं की कार्यप्रणाली का गहनता से अवलोकन किया। उन्होंने कार्यालयीय पत्रावलियों, रजिस्टरों एवं अभिलेखों के रखरखाव की स्थिति देखी तथा सभी अभिलेखों को अद्यतन एवं सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।जनसुनवाई एवं आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा करते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही महिला संबंधी अपराधों की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने तथा महिला हेल्पलाइन एवं महिला डेस्क को और अधिक प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया।निरीक्षण के उपरांत अपर पुलिस महानिदेशक ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अनुशासन, पूर्ण निष्ठा और पारदर्शिता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा आमजन के साथ सौहार्दपूर्ण एवं संवेदनशील व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए।इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर/ग्रामीण, क्षेत्राधिकारी नगर सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।



