Breaking Newsभारत

गाजीपुर : अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों में जुटा प्रशासन

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों में जुटा प्रशासन

जिला आयुष समिति की बैठक में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने दिए महत्वपूर्ण निर्देश

गाजीपुर।जनपद गाजीपुर में आयुष सेवाओं को सुदृढ़ करने एवं आगामी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 की तैयारियों को लेकर जिला आयुष समिति की महत्वपूर्ण बैठक शनिवार देर शाम कलेक्ट्रेट स्थित राइफल क्लब सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता अनुपम शुक्ला ने की।बैठक में समिति के पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रतिभाग करते हुए आयुष विभाग से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जनपद के राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालयों के भवन निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराया जाए, ताकि आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।इसके साथ ही जिलाधिकारी ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर केंद्रों पर रिक्त पड़े अंशकालिक योग प्रशिक्षकों के पदों को भरने हेतु आवश्यक प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने विज्ञापन जारी करने तथा विभिन्न महाविद्यालयों से संपर्क कर योग डिप्लोमा धारक युवाओं की जानकारी प्राप्त करने को कहा, जिससे योग्य प्रशिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके।बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जिला आयुष समिति के एसएनए खाते में बजट मांग पत्र तैयार करने के निर्देश भी दिए गए।आगामी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 को लेकर जिलाधिकारी ने विशेष रूप से तैयारियों पर जोर देते हुए कहा कि जनपद के सभी विभागों को पत्र भेजकर अधिक से अधिक लोगों को योग कार्यक्रमों से जोड़ने के लिए प्रेरित किया जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि भारत सरकार द्वारा जारी योग पंजीकरण लिंक एवं समर्पित टोल फ्री नंबर के माध्यम से व्यापक स्तर पर पंजीकरण कराया जाए, ताकि योग दिवस के कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किए जा सकें।बैठक के अंत में अन्य कोई प्रस्ताव न होने पर जिलाधिकारी ने बैठक समाप्ति की घोषणा की। इस अवसर पर डा० द्विग्विजय नाथ ने उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button