Breaking Newsभारत

खीरों, रायबरेली : आकाशीय बिजली गिरने से भाई-बहन की मौत

आकाशीय बिजली गिरने से भाई-बहन की मौत

रिमझिम बारिश के बीच धान की रोपाई देखने पैदल जा रहे थे खेत

खीरों, रायबरेली। थाना क्षेत्र के अंतर्गत सराय महमूद मजरे मिर्जापुर निवासी दो सगे भाई- बहन गुरुवार दोपहर को हुई रिमझिम बारिश के बीच आकाशीय बिजली की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलस गए। जानकारी होने पर परिजन दोनों बच्चों को इलाज के लिए लेकर सीएचसी पहुंचे। वहां डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

सराय महमूद मजरे मिर्जापुर निवासी विजय पासवान का पुत्र अभिषेक पासवान 8 वर्ष व पुत्री अंजली 6 वर्ष दोपहर में स्कूल से वापस आने के बाद अचानक आई रिमझिम बारिश के बीच गांव के बाहर करीब एक किलोमीटर दूर स्थित अपने खेतों में हो रही धान की रोपाई को देखने जा रहे थे। रास्ते में अचानक तड़प के साथ बिजली गिरने से उसकी चपेट में आकर दोनों बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए। जानकारी होने पर परिजन भाई-बहन दोनों को इलाज के लिए लेकर आनन-फानन में सीएचसी पहुंचे। सीएचसी की इमरजेंसी ड्यूटी में मौजूद डॉक्टर पीके श्रीवास्तव ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। सगे भाई-बहन की आकस्मिक मौत से परिजनों में चीख-पुकार मच गई। गांव में मातम छा गया। बच्चों के पिता विजय रोजी-रोटी के लिए पंजाब के लुधियाना शहर में मजदूरी करते हैं। घटना की सूचना मिलने पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। गांव व आस पास के दर्जनों लोग दुखद हादसे की सूचना पर सीएचसी पहुंचे। प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह ने बताया कि आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौत हुई है। दोनों शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

सूचना पर सीएचसी पहुंचे विधायक

दर्दनाक हादसे की सूचना मिलने पर क्षेत्रीय विधायक राहुल लोधी ने सीएचसी पहुंचकर गमगीन परिजनों को ढांढस बंधाया। प्रशासनिक अमले से फोन पर बात कर गमगीन परिवारजनों को तत्काल सहायता राशि प्रदान किए जाने के निर्देश दिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button