करीमुद्दीनपुर, गाजीपुर : हत्या के प्रयास व अपहरण के मामले में वांछित बदमाश मुठभेड़ में घायल, गिरफ्तार

हत्या के प्रयास व अपहरण के मामले में वांछित बदमाश मुठभेड़ में घायल, गिरफ्तार

करीमुद्दीनपुर, गाजीपुर। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना करीमुद्दीनपुर पुलिस ने 18 अगस्त 2026 की रात मुठभेड़ के दौरान हत्या के प्रयास एवं अपहरण के मामले में वांछित बदमाश को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से .315 बोर का अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।पुलिस के अनुसार प्रभारी निरीक्षक राजनारायण पुलिस टीम के साथ रात्रि गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मुकदमा अपराध संख्या 211/2026 में वांछित अभियुक्त कहीं भागने की फिराक में है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम नेवादा के पास घेराबंदी की।पुलिस का कहना है कि घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस टीम ने आत्मरक्षार्थ संतुलित फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश के बाएं पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश को तत्काल मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए उपचार के लिए सीएचसी बाराचवर भेजा गया। वहीं, अंधेरे का फायदा उठाकर उसका एक साथी मौके से फरार हो गया।गिरफ्तार घायल अभियुक्त,विशाल यादव पुत्र जितेन्द्र यादव, उम्र करीब 25 वर्ष, निवासी ग्राम रामानंद का पूरा, थाना करीमुद्दीनपुर, जनपद गाजीपुर।पुलिस मुठभेड़ एवं बरामदगी के संबंध में संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक राजनारायण मय पुलिस टीम, थाना करीमुद्दीनपुर शामिल रहे।



