Breaking Newsभारत

एलडीए की ताबड़तोड़ कार्रवाई, मानकों के विपरीत संचालित 71 प्रतिष्ठान सील, 83 को नोटिस

एलडीए की ताबड़तोड़ कार्रवाई, मानकों के विपरीत संचालित 71 प्रतिष्ठान सील, 83 को नोटिस

लखनऊ

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर प्रवर्तन विभाग ने शहर भर में चलाया अभियान

मानकों के विपरीत संचालित कोचिंग सेंटर, लाइब्रेरी, डांस स्टूडियो, होटल, शॉपिंग कॉम्पलेक्स, नर्सिंग होम समेत अन्य पर कार्रवाई

अलीगंज में हुये दर्दनाक अग्निकांड को गंभीरता से लेते हुए लखनऊ विकास प्राधिकरण ने बुधवार को शहर भर में मानकों के विपरीत संचालित प्रतिष्ठानों के खिलाफ अभियान चलाया। दिन भर चली कार्रवाई के दौरान 71 प्रतिष्ठानों को सील किया गया, जबकि 83 भवन मालिकों/प्रबंधकों के खिलाफ नोटिस जारी किया गया है।

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर अग्निशमन विभाग व लखनऊ पुलिस की संयुक टीम के साथ चलाये गये इस अभियान की जद में दर्जनों कोचिंग सेंटर, लाइब्रेरी, डांस स्टूडियो, प्ले ग्रुप स्कूल, ब्लड बैंक, कंप्यूटर इंस्टीट्यूट, नर्सिंग होम, होटल, व्यावसायिक कॉम्पलेक्स समेत अन्य प्रतिष्ठान आए हैं। उपाध्यक्ष ने बताया कि यह अभियान लगातार 03 सप्ताह तक चलाया जाएगा।

गौरतलब है कि एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने मंगलवार देर शाम जोनल अधिकारियों के साथ बैठक की थी। जिसमें उन्होंने शहर भर में अभियान चलाकर कोचिंग सेंटर, लाइब्रेरी, होटल, नर्सिंग होम समेत व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की जांच करने के निर्देश दिये थे। इसके अनुपालन में एलडीए के प्रवर्तन विभाग ने बुधवार को सभी 07 जोनों में अभियान चलाया। संयुक्त सचिव सुशील प्रताप सिंह ने प्रवर्तन जोन-7 में अभियान का नेतृत्व किया, जहां 14 प्रतिष्ठानों को सील किया गया, जबकि 20 के खिलाफ नोटिस जारी की गयी है।

गोमती नगर में 09 कोचिंग सेंटर सील

प्रवर्तन जोन-1 के जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी ने टीम के साथ गोमती नगर के विराज खण्ड, विनीत खण्ड एवं विवेक खण्ड में अभियान चलाया। जिसमें एलन कोचिंग, आकाश इंस्टीट्यूट, अन एकेडमी एंड कैरियर प्वाइंट, विद्यापीठ, अग्रवाल क्लासेस, नारायण कोचिंग, आईक्यू हब समेत 09 कोचिंग सेंटरों को सील किया गया।

कानपुर रोड योजना में 16 सेंटर सील

प्रवर्तन जोन-2 के जोनल अधिकारी रवि नंदन सिंह के नेतृत्व में टीम ने कानपुर रोड योजना व कृष्णानगर क्षेत्र में अभियान चलाया। इस दौरान फिजिक्स वाला, महिन्द्रा कोचिंग, एलन, आकाश इंस्टीट्यूट, सेन्च्यूरियन समेत 16 कोचिंग सेंटरों को सील किया गया। वहीं, 16 भवन मालिकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

हजरतगंज में कार्रवाई से हड़कम्प

प्रवर्तन जोन-6 के जोनल अधिकारी प्रभाकर सिंह ने टीम के साथ हजरतगंज में अभियान चलाया। यहां एलन कोचिंग, आकाश इंस्टीट्यूट, मोशन एवं ग्रैविटी समेत 14 प्रतिष्ठान सील किये गये, जबकि 20 भवन मालिकों को नोटिस दिया गया है। इसी तरह प्रवर्तन जोन-5 में निरीक्षण के दौरान 05 भवन सील किये गये, जबकि 21 के खिलाफ नोटिस जारी किया गया है।

कृष्णानगर में होटल समेत 07 प्रतिष्ठान सील

प्रवर्तन जोन-3 के जोनल अधिकारी अतुल कृष्ण सिंह ने टीम के साथ कृष्णानगर, विजय नगर व मानक नगर में अभियान चलाया। यहां मानकों के विपरीत बनी बिल्डिंग में संचालित ब्राइट फ्यूचर लाइब्रेरी, डिफेंस कैरियर एकेडमी व होटल गुरवीर समेत 07 प्रतिष्ठानों को सील किया गया है। वहीं, प्रवर्तन जोन-4 में एसडीएम विपिन कुमार शिवहरे ने टीम के साथ कार्रवाई करते हुए 06 प्रतिष्ठानों को सील किया, जबकि 07 भवन मालिकों को नोटिस दिया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button