गोरखपुर : लखनऊ अग्निकांड में बुझ गईं मासूम ज़िंदगियां, गोरखपुर में मोमबत्तियां जलाकर दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि

लखनऊ अग्निकांड में बुझ गईं मासूम ज़िंदगियां, गोरखपुर में मोमबत्तियां जलाकर दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि
इंदिरा बाल बिहार पर जुटे लोगों ने नम आंखों से दिवंगत बच्चों को किया याद, सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर उठाए सवाल
गोरखपुर। लखनऊ के कोचिंग अग्निकांड में असमय काल के गाल में समा गए मासूम बच्चों की स्मृति में बुधवार की शाम गोरखपुर का इंदिरा बाल चौराहा शोक और संवेदना का साक्षी बन गया। गोलघर स्थित श्रद्धांजलि सभा में बड़ी संख्या में जुटे लोगों ने मोमबत्तियां जलाकर दिवंगत बच्चों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और उनकी आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर ईश्वर से प्रार्थना की।
सभा के दौरान उपस्थित लोगों की आंखें नम दिखीं। हर चेहरे पर इस दर्दनाक हादसे को लेकर गहरा दुख और आक्रोश साफ झलक रहा था। लोगों ने कहा कि जिन बच्चों के सपनों को उड़ान मिलनी थी, वे लापरवाही और सुरक्षा मानकों की अनदेखी की भेंट चढ़ गए। इस हृदयविदारक घटना ने न केवल मृतक बच्चों के परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है, बल्कि पूरे समाज को भी झकझोर कर रख दिया है।
कार्यक्रम के संयोजक भारतीय न्यूज एजेंसी के चेयरमैन शक्ति शंकर सिंह ने कहा कि यह हादसा केवल एक दुर्घटना नहीं, बल्कि व्यवस्था की गंभीर चूक का परिणाम है। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए शैक्षणिक संस्थानों में सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाना बेहद आवश्यक है। यदि समय रहते सुरक्षा प्रबंधों को गंभीरता से लिया जाए, तो कई मासूम जिंदगियां बचाई जा सकती हैं।
श्रद्धांजलि सभा के अंत में उपस्थित लोगों ने दिवंगत बच्चों को मौन श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और ईश्वर से उन्हें इस असहनीय दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में शक्ति शंकर, दबीर आलम, एडवोकेट पूजा गुप्ता, संजय गुप्ता, जावेद खान, अजय गुप्ता, डॉ. शोभित श्रीवास्तव, समीर खान, साक्षी सिंह, विवेक सोनकर, वर्षा रावत, आनंद राव, हिमांशु श्रीवास्तव, राजकुमार सिंह, महेश श्रीवास्तव, विशाल सिंह, अहमद फ्रेजर, अंशुल वर्मा, वैभव श्रीवास्तव, अकबर अली, शाहिद, संजय त्यागी, गरिमा सिंह, क्रांति सिंह, अमरजीत पासवान, अजय वर्मा, अमित वर्मा, कृष्ण मुरारी गुप्ता, बबलू प्रजापति तथा अभिषेक सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



