
अवैध शस्त्रों की बड़ी खेप के साथ तीन गिरफ्तार,38 अवैध हथियार और 18 कारतूस बरामद, मध्य प्रदेश से गाजीपुर लाकर डिलीवरी की थी तैयारी

गाजीपुर। अवैध शस्त्रों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में स्वाट टीम, सर्विलांस सेल और कोतवाली गाजीपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने कैथवलिया पुलिया के पास घेराबंदी कर तीन कथित अंतर्राज्यीय शस्त्र तस्करों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 18 पिस्टल .32 बोर, एक पिस्टल .9 एमएम, 19 देशी तमंचे .315 बोर समेत कुल 38 अवैध आग्नेयास्त्र और 18 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त TVS Apache मोटरसाइकिल भी कब्जे में ली है।पुलिस के अनुसार, गुरुवार की रात करीब 1:45 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोग भारी मात्रा में अवैध हथियार लेकर कैथवलिया पुलिया के पास डिलीवरी की तैयारी में हैं। सूचना पर स्वाट टीम एवं कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। मोटरसाइकिल के पास तीन संदिग्ध दिखाई दिए, जिन्होंने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने उन्हें पकड़ लिया।गिरफ्तार आरोपितों की पहचान रतन विश्वकर्मा (19) निवासी भदौरा, थाना गहमर, रवि कुमार (19) निवासी भदौरा, थाना गहमर तथा अभिषेक कुमार (20) निवासी फुल्ली, थाना दिलदारनगर के रूप में हुई है।
बैगों में भरे थे अवैध हथियार
तलाशी के दौरान रतन के पास से एक .32 बोर पिस्टल, पांच कारतूस तथा बैग से छह .32 बोर पिस्टल, सात .315 बोर तमंचे और तीन कारतूस बरामद हुए। रवि के कब्जे से एक .32 बोर पिस्टल, छह कारतूस तथा बैग से पांच .32 बोर पिस्टल, छह .315 बोर तमंचे और एक कारतूस मिला। अभिषेक के पास से एक .9 एमएम पिस्टल, दो कारतूस तथा बैग से पांच .32 बोर पिस्टल, छह .315 बोर तमंचे और एक कारतूस बरामद किया गया।इसके अलावा तीन मोबाइल फोन और 900 रुपये नकद भी बरामद हुए।
खंडवा और बुरहानपुर से लाए थे हथियार
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे मध्य प्रदेश के खंडवा और बुरहानपुर क्षेत्र से अवैध हथियार लाकर गाजीपुर में उनकी डिलीवरी करने आए थे। पुलिस को पूछताछ में कुछ अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी मिली है। इनके संबंध में सत्यापन और विस्तृत विवेचना की जा रही है।पुलिस ने आरोपितों के विरुद्ध आयुध अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस हथियारों के स्रोत, तस्करी नेटवर्क और संभावित खरीदारों के संबंध में भी जांच कर रही है।कार्रवाई करने वाली टीम में स्वाट प्रभारी उपनिरीक्षक शैलेन्द्र प्रताप सिंह, सर्विलांस सेल प्रभारी सुमित बालियान, उपनिरीक्षक शिवाकान्त मिश्रा, अपराध निरीक्षक/प्रभारी देवेन्द्र कुमार मिश्रा सहित कोतवाली पुलिस एवं स्वाट-सर्विलांस टीम के पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस के अनुसार मामले में दो अन्य वांछित आरोपितों की गिरफ्तारी शेष है।



