Breaking Newsभारत

LU में फावड़ा लेकर घुसे VHP-बजरंग दल के कार्यकर्ता: बोले- बुर्के में परीक्षा दे रही हैं छात्राएं; शिवालय की सफाई की, चीफ प्रॉक्टर से हुई नोकझोंक

LU में फावड़ा लेकर घुसे VHP-बजरंग दल के कार्यकर्ता: बोले- बुर्के में परीक्षा दे रही हैं छात्राएं; शिवालय की सफाई की, चीफ प्रॉक्टर से हुई नोकझोंक

*लखनऊ, 9 सितंबर।* लखनऊ विश्वविद्यालय (LU) में बुधवार को विश्व हिंदू परिषद (VHP) और बजरंग दल के कार्यकर्ता फावड़ा लेकर कैंपस में पहुंच गए। जय श्रीराम के नारे लगाते हुए उन्होंने कैंपस स्थित मंदिर की बदहाली के विरोध में हनुमान चालीसा का पाठ किया और शिवालय की सफाई व पूजा-अर्चना की।

*पहले ज्ञापन दिया, कार्रवाई नहीं हुई*
कार्यकर्ताओं का कहना है कि मंदिर की स्थिति सुधारने के लिए पहले विश्वविद्यालय प्रशासन को ज्ञापन दिया गया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब वे खुद मंदिर की सफाई और मरम्मत करने आए हैं। उनका आरोप है कि कैंपस में कई मजारों की स्थिति अच्छी है, उनकी व्यवस्थित देखभाल होती है, जबकि मंदिरों की हालत दयनीय है और उनकी अनदेखी की जा रही है।

इस दौरान चीफ प्रॉक्टर से उनकी नोकझोंक भी हुई। मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। कार्यकर्ताओं ने कुलपति का पुतला फूंकने की भी बात कही।

प्रदर्शन की अगुवाई कर रहे समरेंद्र सिंह ने कहा, “कुलपति की ओर से मजारों की देखभाल के लिए व्यवस्था की गई है, लेकिन मंदिरों की अनदेखी हो रही है। मंदिर आस्था का केंद्र है और VHP-बजरंग दल के कार्यकर्ता मिलकर इसे ठीक करेंगे। अब हम ज्ञापन नहीं देंगे, खुद काम करेंगे।”

*स्थानीय बोले- पहले साफ-सफाई नहीं होती थी*
स्थानीय निवासी उमाशंकर ने बताया कि यहां पहले कारखाना और आरा मशीन चलती थी। तभी से यहां मंदिर भी है। पहले मंदिर की साफ-सफाई नहीं होती थी। आज सफाई हुई है, यह अच्छी बात है।

*बुर्के में परीक्षा का मुद्दा भी उठाया*
प्रदर्शनकारियों ने विश्वविद्यालय में परीक्षाओं के दौरान बुर्का पहनकर आने वाली छात्राओं की पहचान जांच में सख्ती की मांग भी उठाई। संगठन का कहना है कि बुर्के की आड़ में मोबाइल, ईयरफोन या अन्य अनुचित साधनों के इस्तेमाल की आशंका रहती है। उन्होंने परीक्षा के दौरान पहचान और जांच व्यवस्था सख्त करने की मांग की।

वहीं, प्रॉक्टोरियल बोर्ड के सदस्यों का कहना है कि कार्यकर्ताओं ने पूजा-अर्चना कर ली है, अब उन्हें कैंपस का माहौल खराब नहीं करना चाहिए।

*सुरक्षा बढ़ाई गई*
VHP और बजरंग दल के प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन और पुलिस पहले से अलर्ट थी। विश्वविद्यालय परिसर और आसपास सुरक्षा बढ़ाई गई। PAC के दो वाहन परिसर में तैनात किए गए, जबकि बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को विश्वविद्यालय के प्रवेश मार्गों और आसपास के इलाकों में लगाया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button