
स्नातक-शिक्षक एमएलसी चुनाव को लेकर एसडीएम कार्यालय में हुई बैठक, पारदर्शिता पर जोर
17 से 24 अक्टूबर तक चलेगा विशेष अभियान, मतदाता सूची में नाम जोड़ने और जेंडर अनुपात सुधारने पर चर्चा
जखनियां (गाजीपुर)।जखनियां उपजिलाधिकारी कार्यालय में शुक्रवार को वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन को लेकर विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। साथ ही मतदाता सूची को अधिक समावेशी बनाने और अधिक से अधिक पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया।बैठक के दौरान बताया गया कि 17 अक्टूबर से 24 अक्टूबर तक विशेष अभियान चलाकर पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने की प्रक्रिया पर ध्यान दिया जाएगा। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से भी अपील की गई कि वे अपने-अपने स्तर पर लोगों को जागरूक करें, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रह जाए।अधिकारियों ने मतदाता सूची में महिला एवं पुरुष मतदाताओं के अनुपात यानी जेंडर रेशियो पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में जेंडर अनुपात काफी कम है, जिसे सुधारने की आवश्यकता है। इसके लिए पात्र महिला मतदाताओं का नाम सूची में शामिल कराने तथा निर्वाचन संबंधी जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया।बैठक में मतदान केंद्रों की व्यवस्था के संबंध में भी जानकारी साझा की गई। बताया गया कि जखनियां ब्लॉक में कुल आठ बूथ निर्धारित हैं, जिनमें सात बूथ स्नातक निर्वाचन तथा एक बूथ शिक्षक निर्वाचन के लिए होगा। इसी प्रकार मनिहारी और सादात ब्लॉक में भी निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं को लेकर जानकारी दी गई। उपस्थित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से संवाद कर उनके सुझाव एवं विचार भी सुने गए।बैठक का उद्देश्य निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाना, मतदाता सूची को दुरुस्त करना तथा सभी पात्र मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित करना रहा। अधिकारियों ने निर्वाचन से जुड़े कार्यों में सहयोग करने और लोगों को जागरूक करने की आवश्यकता पर बल दिया।इस अवसर पर भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष प्रमोद वर्मा, भाजपा मंडल अध्यक्ष धर्मवीर भारद्वाज, समाजवादी पार्टी के विधानसभा अध्यक्ष अवधेश यादव उर्फ राजू यादव, कांग्रेस नेता जयराम सिंह, आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के मनोज कुमार गौतम, आम आदमी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष मुकेश चंद, सुभासपा के प्रदेश उपाध्यक्ष मुन्ना राजभर, जितेंद्र राजभर, वजीर भारती सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के अन्य पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे।



