
लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए सत्ता परिवर्तन जरूरी : देवनारायण सिंह
जखनियां में कांग्रेस की बैठक में भाजपा पर साधा निशाना, बोले—हर मोर्चे पर विफल रही सरकार
जखनियां (गाजीपुर)।कांग्रेस पार्टी की ओर से जखनियां कस्बे के शिव मंदिर परिसर में आयोजित बैठक में देश के लोकतंत्र, संविधान और सत्ता परिवर्तन के मुद्दे पर चर्चा हुई। बैठक को संबोधित करते हुए कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष देवनारायण सिंह ने कहा कि देश में संविधान, लोकतंत्र और आम जनता की खुशहाली सुनिश्चित करने के लिए समय-समय पर सत्ता परिवर्तन जरूरी है। लंबे समय तक सत्ता में बने रहने से सत्ताधारी दल के नेताओं में निरंकुशता और तानाशाही की प्रवृत्ति बढ़ने लगती है, जिसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ता है।उन्होंने भारतीय जनता पार्टी की सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि होती है और सरकार की जिम्मेदारी नागरिकों के अधिकारों, स्वतंत्रता तथा संविधान की रक्षा करना है। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार के कार्यकाल में जनता की खुशहाली और लोकतांत्रिक मूल्यों को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने कहा कि विश्व के कई देशों में लंबे समय तक सत्ता में बने रहने के दुष्परिणाम देखने को मिले हैं और भारत को भी इससे सबक लेना चाहिए।देवनारायण सिंह ने अंतरराष्ट्रीय संबंधों का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि अमेरिका के सामने केंद्र सरकार देश की स्वतंत्रता, संप्रभुता और स्वाभिमान के मुद्दों पर मजबूती से अपना पक्ष रखने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी देश की सरकार को राष्ट्रीय हितों की रक्षा सर्वोपरि रखनी चाहिए और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश के सम्मान से समझौता नहीं करना चाहिए।कांग्रेस नेता ने भाजपा के चुनावी वादों और गारंटी पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार अपने वादों को पूरा करने में सफल नहीं रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। उनके अनुसार, देश के व्यापक हित में अब सत्ता परिवर्तन आवश्यक हो गया है।बैठक में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत बनाने तथा लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए जनसंपर्क बढ़ाने पर भी जोर दिया। इस अवसर पर सर्वानंद चौबे, महंगू यादव, लालजी, राम आधार, अंतू चौबे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



