भारतराजनीति

पीएम सूर्य घर योजना के लंबित आवेदन तीन दिन में निस्तारित करने के निर्देश

डीएम अनुपम शुक्ला सख्त, सोलर उपभोक्ताओं की बिजली संबंधी समस्याओं का होगा समाधान

पीएम सूर्य घर योजना के लंबित आवेदन तीन दिन में निस्तारित करने के निर्देश

 

डीएम अनुपम शुक्ला सख्त, सोलर उपभोक्ताओं की बिजली संबंधी समस्याओं का होगा समाधान

 

गाजीपुर।केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को गति देने और निर्धारित लक्ष्य को समय से पूरा करने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को रायफल क्लब सभागार में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में योजना की प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान डीएम ने बैंक और विद्युत विभाग में लंबित आवेदनों को तीन दिन के भीतर निस्तारित करने के निर्देश दिए। साथ ही सोलर पैनल लगवाने वाले उपभोक्ताओं की बिजली संबंधी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने को कहा।बैठक में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति की समीक्षा के साथ पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के प्रतिनिधियों ने योजना के प्रचार-प्रसार को लेकर जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया। इसमें वाराणसी में प्रस्तावित उत्तर प्रदेश एनर्जी एक्सपो (UPEX) 2026 के वाराणसी संस्करण से संबंधित जानकारी साझा की गई।जिलाधिकारी ने समीक्षा के दौरान पाया कि पीएम सूर्य घर योजना से संबंधित कुछ आवेदन बैंक और विद्युत विभाग में लंबित हैं। इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि लंबित आवेदनों का तीन दिनों के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ प्राप्त करने में अनावश्यक देरी न हो।डीएम ने अधीक्षण अभियंता विद्युत को विशेष रूप से निर्देशित किया कि योजना के तहत अपने घरों पर सोलर पैनल लगवाने वाले उपभोक्ताओं को बिजली से जुड़ी समस्याओं का सामना न करना पड़े। यदि किसी उपभोक्ता को कनेक्शन, मीटर अथवा अन्य विद्युत संबंधी समस्या हो, तो उसका समयबद्ध समाधान कराया जाए।बैठक में परियोजना अधिकारी यूपीनेडा, गाजीपुर सच्चिदानंद तिवारी ने बताया कि सितंबर 2026 से जनपद के मासिक लक्ष्य में 66 प्रतिशत की वृद्धि की गई है। लक्ष्य में बढ़ोतरी को देखते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को विशेष अभियान चलाकर योजना के क्रियान्वयन में तेजी लाने के निर्देश दिए।उन्होंने अधिकारियों से कहा कि योजना के प्रति अधिक से अधिक लोगों को जागरूक किया जाए, ताकि पात्र परिवार अपने घरों की छतों पर सोलर पैनल लगवाकर योजना का लाभ उठा सकें। इसके लिए विभागीय समन्वय के साथ जनजागरूकता गतिविधियां संचालित करने पर जोर दिया गया।बैठक में पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के प्रतिनिधियों ने पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रचार-प्रसार और इसे जन-जन तक पहुंचाने की रणनीति पर जानकारी दी। इस अवसर पर योजना से संबंधित एक संक्षिप्त डॉक्यूमेंट्री भी प्रदर्शित की गई।कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद, अग्रणी जिला प्रबंधक राजदेव कुमार, यूपीनेडा के प्रभारी परियोजना अधिकारी सच्चिदानंद तिवारी, अधीक्षण अभियंता विद्युत गाजीपुर, विभिन्न विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारी तथा जिले के सभी पंजीकृत सोलर वेंडर उपस्थित रहे।बैठक के अंत में योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, लंबित आवेदनों के त्वरित निस्तारण और निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर दिया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button