क्राइमभारत

पुरानी रंजिश में दो पक्षों में जमकर मारपीट, आधा दर्जन घायल

जाही गांव में लाठी-डंडे व नुकीले हथियार चलने से मची अफरा-तफरी, एक पक्ष की तहरीर पर सात के खिलाफ मुकदमा

पुरानी रंजिश में दो पक्षों में जमकर मारपीट, आधा दर्जन घायल

 

जाही गांव में लाठी-डंडे व नुकीले हथियार चलने से मची अफरा-तफरी, एक पक्ष की तहरीर पर सात के खिलाफ मुकदमा

 

जखनियां (गाजीपुर)। भुड़कुड़ा कोतवाली क्षेत्र के जाही गांव में शनिवार को पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। मामूली कहासुनी के बाद शुरू हुआ विवाद कुछ ही देर में मारपीट में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे और नुकीले हथियार चलने से करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम करीब पांच बजे किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई थी। उस समय मामला शांत हो गया, लेकिन रात करीब नौ बजे विवाद ने फिर तूल पकड़ लिया। आरोप है कि दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई। घटना के दौरान लाठी-डंडों के साथ नुकीले हथियारों के इस्तेमाल की बात भी सामने आई है।मारपीट में अमरनाथ चौहान पक्ष के तीन लोगों के घायल होने की जानकारी है। वहीं दूसरे पक्ष के गोरखनाथ यादव पक्ष के लोगों को भी चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।पुलिस के अनुसार अमरनाथ चौहान की तहरीर के आधार पर सात लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपितों में से तीन को गिरफ्तार कर उनका चालान कर दिया।वहीं, गोरखनाथ यादव पक्ष के लोगों ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि उनके पक्ष के लोग भी मारपीट में घायल हुए हैं, लेकिन उनकी शिकायत पर अभी तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। उनका आरोप है कि पुलिस ने एक पक्ष की तहरीर पर कार्रवाई की है, जबकि दूसरे पक्ष की शिकायत को भी गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच की जानी चाहिए।भुड़कुड़ा कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर सात लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। तीन आरोपितों का चालान किया गया है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।गांव में घटना को लेकर तनाव को देखते हुए पुलिस मामले पर नजर बनाए हुए है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button