
नाबालिग से छेड़खानी की सूचना पर मचा हड़कंप, पुलिस व फॉरेंसिक टीम ने शुरू की जांच
112 पर सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस, नाबालिग को थाने लाई; परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताई
जखनियां/। तहसील जखनियां क्षेत्र के भुड़कुड़ा कोतवाली अंतर्गत एक गांव में नाबालिग लड़की के साथ छेड़खानी की सूचना मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना डायल-112 पर दिए जाने के बाद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और नाबालिग लड़की को अपने साथ थाने ले आई। सूचना मिलने के बाद लड़की के पिता व अन्य परिजन भी मौके पर पहुंचे और लड़की के साथ किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए मामले की जानकारी पुलिस को दी।घटना की सूचना के बाद भुड़कुड़ा क्षेत्राधिकारी राम कृष्ण तिवारी कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र पांडेय सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए गाजीपुर से फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल से संबंधित परिस्थितियों की जांच की। फॉरेंसिक टीम द्वारा मौके पर की गई जांच के बाद पुलिस मामले के विभिन्न पहलुओं को खंगालने में जुटी है।हालांकि, प्रथम दृष्टया मामला छेड़खानी की सूचना से जुड़ा बताया जा रहा है, लेकिन घटना के पीछे वास्तविक स्थिति क्या है, यह पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। मामले को लेकर अभी तक किसी पुलिस अधिकारी की ओर से कोई विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि छेड़खानी की सूचना प्राप्त हुई है। प्रकरण जांच का विषय है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।इधर, घटना की जानकारी फैलने के बाद गांव सहित आसपास के क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। लोग मामले की वास्तविकता सामने आने का इंतजार कर रहे हैं। वहीं, समाचार लिखे जाने तक नाबालिग के परिजनों की ओर से पुलिस को कोई लिखित तहरीर दिए जाने की जानकारी नहीं थी।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस और फॉरेंसिक टीम की जांच के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ होने की उम्मीद है।



