
दलित उत्पीड़न के विरोध में पांच अक्टूबर को जखनियां तहसील में धरना
पुलिस पर पक्षपात और फर्जी मुकदमे दर्ज करने का आरोप, 5 अक्तूबर खेत एवं ग्रामीण मजदूर यूनियन द्वारा सौंपा जायेगा ज्ञापन
जखनियां (गाजीपुर)। दलित भूमिहीनों के उत्पीड़न, फर्जी मुकदमे दर्ज किए जाने तथा पुलिस-प्रशासन पर पक्षपातपूर्ण कार्रवाई के आरोपों को लेकर 5 अक्तूबर खेत एवं ग्रामीण मजदूर यूनियन की ओर से पांच अक्तूबर को जखनियां तहसील मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। संगठन ने आरोप लगाया कि पुलिस और प्रधान के प्रभाव में दलित भूमिहीनों को परेशान किया जा रहा है तथा शिकायतों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं की जा रही है।यूनियन के पदाधिकारियों का आरोप है कि बहरियाबाद थाना क्षेत्र में कुछ दलित एवं भूमिहीन परिवारों के विरुद्ध फर्जी मुकदमे दर्ज कर उन्हें परेशान किया गया। वहीं, मारपीट, हत्या के प्रयास और नाबालिगों से संबंधित मामलों में पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए गए हैं। आरोप है कि प्रभावशाली लोगों के दबाव में पीड़ितों की शिकायतें दर्ज नहीं की जातीं, जबकि उनके विरुद्ध तत्काल मुकदमे दर्ज कर दिए जाते हैं।ज्ञापन में भूमि विवाद, कथित अवैध कब्जे, दलित परिवारों पर हमले तथा पुलिस की कार्यप्रणाली से जुड़े कई मामलों का उल्लेख करते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की गई है। संगठन ने कहा कि गरीब, दलित, वनवासी और अल्पसंख्यक समाज को न्याय दिलाने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए संघर्ष जारी रहेगा।यूनियन ने क्षेत्र की जनता से पांच अक्तूबर, सोमवार को जखनियां तहसील मुख्यालय पर आयोजित धरना-प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की है।



