
विकसित भारत की कल्पना पर चित्रकला, सामान्य ज्ञान व भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित
सेवा संकल्प अभियान के तहत विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा, राष्ट्र निर्माण एवं नागरिक कर्तव्यों के प्रति किया जागरूक
गाजीपुर, 1 अक्टूबर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत “विकसित भारत की कल्पना” थीम पर गुरुवार को ऑडिटोरियम हॉल में जनपद स्तरीय चित्रकला, सामान्य ज्ञान एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत की उपस्थिति में हुआ।कार्यक्रम से पूर्व मुख्य अतिथि ने परिसर में लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इसके बाद मंचासीन अतिथियों की उपस्थिति में वंदे मातरम् गीत प्रस्तुत किया गया। तत्पश्चात मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर तथा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।इस अवसर पर बालिकाओं ने मनमोहक स्वागत गीत प्रस्तुत किया। विभिन्न विभागों एवं विद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देकर उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों का मन मोह लिया।प्रतियोगिताओं का उद्देश्य विद्यार्थियों में देश के विकास, राष्ट्र निर्माण, नवाचार एवं नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना रहा। विभिन्न प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी प्रतिभा, रचनात्मक सोच एवं ज्ञान का प्रदर्शन किया।कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण बिहारी राय, भाजपा जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश राय, नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, जिला विकास अधिकारी राजन राय, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी सहित संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



