भारतराजनीति

जखनिया रेलवे स्टेशन की समस्याओं को लेकर चार सूत्री मांगपत्र

रेल मंत्री, महाप्रबंधक व डीआरएम को भेजा पत्र, स्टेशन मास्टर को सौंपा ज्ञापन

जखनिया रेलवे स्टेशन की समस्याओं को लेकर चार सूत्री मांगपत्र

 

रेल मंत्री, महाप्रबंधक व डीआरएम को भेजा पत्र, स्टेशन मास्टर को सौंपा ज्ञापन

जखनिया (गाजीपुर)। जखनिया सर्वदलीय तहसील विकास एवं जनकल्याण संघर्ष समिति के अध्यक्ष देवनारायण सिंह के नेतृत्व में मंगलवार को पूर्वोत्तर रेलवे से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर चार सूत्री मांगपत्र भेजा गया। समिति की ओर से मांगपत्र को रजिस्ट्री डाक के माध्यम से रेल मंत्री, रेल महाप्रबंधक एवं मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) को भेजने के साथ ही मंगलवार की शाम करीब तीन बजे जखनिया रेलवे स्टेशन के स्टेशन मास्टर पंकज को पत्रक सौंपा गया।अध्यक्ष देवनारायण सिंह ने कहा कि जखनिया तहसील क्षेत्र परमवीर चक्र विजेता शहीद वीर अब्दुल हमीद, महावीर चक्र विजेता रामउग्र पांडेय की वीरभूमि होने के साथ ही भुड़कुड़ा सिद्धपीठ एवं हथियाराम मठ जैसे धार्मिक स्थलों के लिए भी प्रसिद्ध है। यहां देश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों का आवागमन होता रहता है। इसके बावजूद रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं एवं आवागमन से जुड़ी कई समस्याएं बनी हुई हैं।उन्होंने बताया कि जखनिया रेलवे स्टेशन के उत्तरी एवं दक्षिणी हिस्से की संपर्क सड़कें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हैं। सड़क खराब होने के कारण यात्रियों और स्थानीय लोगों को स्टेशन तक आने-जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। समिति ने इन सड़कों की मरम्मत कराए जाने की मांग की है।उन्होंने कहा कि जखनिया बाजार में रेलवे क्रॉसिंग बंद कर दिए जाने के बाद कुछ दूरी पर स्पेशल क्रॉसिंग बनाई गई है। इससे बड़ी संख्या में लोगों को उत्तर से पूर्व दिशा में आवागमन के लिए लंबा रास्ता तय करना पड़ता है। कई लोग जान जोखिम में डालकर रेलवे लाइन पार करने को मजबूर होते हैं। समिति ने जनहित में यहां अंडरपास निर्माण की मांग की है।समिति ने वाराणसी-मऊ तमसा पैसेंजर ट्रेन में बोगियों की संख्या बढ़ाने की भी मांग की है। देवनारायण सिंह ने कहा कि ट्रेन में पर्याप्त बोगियां नहीं होने के कारण यात्रियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। भीड़ अधिक होने से कई यात्रियों की ट्रेन छूट जाती है, जबकि कुछ यात्री मजबूरी में पायदान पर यात्रा करते हैं।इसके अलावा जखनिया रेलवे स्टेशन पर पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई तथा दोनों प्लेटफार्मों के बीच आवागमन के लिए पर्याप्त रैंप की व्यवस्था किए जाने की मांग भी की गई। समिति ने रेलवे अधिकारियों से इन समस्याओं का शीघ्र संज्ञान लेकर समाधान कराने की मांग की है।इस मौके पर सर्वानंद चौबे, रामवृक्ष पांडेय, बृजेश गौतम, अश्वनी कुमार सिंह, रामाधार सिंह, मोहन राजभर, भगेलु, धर्मेंद्र चतुर्वेदी, अरुण श्रीवास्तव सहित काफी संख्या में लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button