Breaking Newsभारत

गाजीपुर : बैनामा से पहले स्वामित्व और वैधानिक अंश की करें जांच : डीएम

बैनामा से पहले स्वामित्व और वैधानिक अंश की करें जांच : डीएम

बाढ़ से दो लोगों की मौत की खबर गलत, मृतकों के परिजनों को दी गई चार-चार लाख की सहायता

गाजीपुर, 24 अगस्त। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने सोमवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय कक्ष में मीडिया प्रतिनिधियों के साथ प्रेस वार्ता कर बैनामा, सड़क मरम्मत, जलजमाव तथा चीनी-प्याज के स्टॉक समेत विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर जानकारी दी।जिलाधिकारी ने कहा कि जनसुनवाई एवं आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त भूमि विवाद से संबंधित शिकायतों के परीक्षण में बड़ी संख्या में ऐसे मामले सामने आ रहे हैं, जिनमें बैनामा निष्पादित करते समय भूमि के वास्तविक स्वामित्व, वैधानिक अंश और कब्जे की स्थिति का समुचित परीक्षण नहीं किया जाता। कई मामलों में विक्रेता अपने वैधानिक अंश से अधिक भूमि का विक्रय कर देता है अथवा सहखातेदारों के बीच विधिक बंटवारा न होने के बावजूद भूमि के किसी विशेष हिस्से का अलग से बैनामा कर दिया जाता है।उन्होंने आमजन से अपील की कि भूमि खरीदने से पहले स्वामित्व एवं अभिलेखों का विधिवत सत्यापन अवश्य करें तथा अपने वैधानिक अंश से अधिक भूमि का विक्रय न करें। इससे धोखाधड़ी, स्वामित्व एवं कब्जे संबंधी विवाद और अनावश्यक न्यायालयीन कार्यवाही से बचा जा सकेगा। जिलाधिकारी ने बताया कि प्रभारी मंत्री के निर्देशों के अनुपालन में पूर्व में जारी आदेश दिनांक 5 अगस्त 2026 को तत्काल प्रभाव से निरस्त कर संशोधित दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

बाढ़ को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क

डीएम ने मीडिया में प्रसारित जनपद में दो लोगों के बाढ़ के पानी में डूबने की खबर को गलत बताया। उन्होंने कहा कि नदियों का जलस्तर बढ़ रहा है, लेकिन जिन दो लोगों की मृत्यु हुई है, उनकी मृत्यु का कारण बाढ़ नहीं है। सेवराई और मोहम्मदाबाद तहसील के दोनों मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई है।उन्होंने बताया कि संभावित बाढ़ को देखते हुए नदियों के जलस्तर की नियमित समीक्षा की जा रही है। जिला स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है और लोगों को बाढ़ से बचाव के लिए जागरूक किया जा रहा है। आवश्यकता के अनुसार रूट डायवर्जन, नदियों पर बैरिकेडिंग समेत अन्य सुरक्षात्मक कार्रवाई भी की जा रही है।

एक अक्टूबर के बाद शुरू होगी सड़क मरम्मत

जिलाधिकारी ने बताया कि वर्षा ऋतु के कारण लोक निर्माण विभाग एवं नगर पालिका द्वारा सड़क मरम्मत का कार्य एक अक्टूबर 2026 के बाद कराया जाएगा। दिसंबर तक प्रमुख सड़कों के निर्माण एवं मरम्मत कार्य पूर्ण कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

चीनी-प्याज की पर्याप्त उपलब्धता

उन्होंने बताया कि जनपद में चीनी और प्याज का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। अवैध भंडारण एवं जमाखोरी की लगातार जांच की जा रही है और अनियमितता मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने डिप्टी आरएमओ आशुतोष पाण्डेय का मोबाइल नंबर 9838072270 सार्वजनिक करते हुए कहा कि किसी स्थान पर अवैध भंडारण की जानकारी होने पर इस नंबर पर शिकायत की जा सकती है।प्रेस वार्ता में मुख्य राजस्व अधिकारी सुनील कुमार त्रिवेदी, जिला पूर्ति अधिकारी अनन्त प्रताप सिंह, डिप्टी आरएमओ आशुतोष पाण्डेय, अधिशासी अभियंता नगर पालिका परिषद धीरेन्द्र राय सहित मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button