Breaking Newsभारत

भूमि विवाद से लेकर ई-रिक्शा तक, जनता की हर समस्या पर पुलिस की सीधी नजर

भूमि विवाद से लेकर ई-रिक्शा तक, जनता की हर समस्या पर पुलिस की सीधी नजर

राजघाट में पुलिस-राजस्व विभाग की संयुक्त चौपाल, ईद मिलादुन्नबी को लेकर भी बनी रणनीति; अधिकारियों ने दिए अपने मोबाइल नंबर

गोरखपुर। आमजन की समस्याओं का मौके पर समाधान और विवादों को समय रहते सुलझाकर कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने की दिशा में गोरखपुर पुलिस और प्रशासन लगातार सक्रिय है। एसएसपी डॉ. कौस्तुभ के निर्देशन, एसपी सिटी निमिष पाटिल के पर्यवेक्षण एवं सीओ कोतवाली ओंकार दत्त तिवारी के नेतृत्व में राजघाट थाना प्रभारी गौरव कुमार वर्मा पुलिस और राजस्व विभाग के साथ समन्वय बनाकर लगातार जनता के बीच पहुंच रहे हैं।

इसी क्रम में राजघाट थाना क्षेत्र के रामलीला मैदान में पुलिस-राजस्व विभाग की संयुक्त चौपाल आयोजित की गई। चौपाल में क्षेत्रवासियों की भूमि संबंधी समस्याओं, रास्ते के विवाद और अन्य स्थानीय शिकायतों को गंभीरता से सुना गया। प्राथमिक विद्यालय के सामने रास्ते के विवाद और सड़क पर खड़े ई-रिक्शा से होने वाली परेशानी का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। अधिकारियों ने शिकायतों को दर्ज करते हुए संबंधित मामलों के निस्तारण के लिए आवश्यक कार्रवाई और टीम गठित करने की प्रक्रिया शुरू की।

*विवाद बढ़ने से पहले समाधान पर जोर*

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि भूमि विवाद अक्सर छोटे विवाद से शुरू होकर गंभीर संघर्ष का रूप ले लेते हैं। ऐसे में पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त पहल का उद्देश्य विवाद को शुरुआती स्तर पर ही सुलझाना है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति पैदा न हो। अधिकारियों ने लोगों को भरोसा दिलाया कि शिकायतों का नियमानुसार और समयबद्ध तरीके से निस्तारण कराया जाएगा।

*ईद मिलादुन्नबी को लेकर पुलिस ने बनाई रणनीति*

आगामी ईद मिलादुन्नबी के त्योहार को देखते हुए थाना प्रभारी गौरव कुमार वर्मा ने आयोजन समितियों और आयोजकों से विशेष सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक आयोजक कम से कम 10-10 वालंटियर तैयार करें, जो आयोजन और जुलूस के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने में पुलिस का सहयोग करेंगे।
उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की घटना, विवाद या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दी जाए। चौपाल में पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारियों ने आमजन को अपने मोबाइल नंबर भी उपलब्ध कराए, ताकि जरूरत पड़ने पर लोग सीधे अधिकारियों से संपर्क कर सकें।

*जनता और पुलिस के बीच बढ़ रहा सीधा संवाद*

चौपाल में पाण्डेयहाता चौकी प्रभारी योगेंद्र पांडेय, रायगंज चौकी प्रभारी दीनानाथ पांडेय, अमरुतबाग चौकी प्रभारी रोहित साहू, रहमतनगर चौकी प्रभारी आनंद उपाध्याय, ट्रांसपोर्ट नगर चौकी प्रभारी संजय चंदेल, वरिष्ठ उपनिरीक्षक उमेश शर्मा और राजस्व निरीक्षक अंकित रजत समेत पुलिस एवं राजस्व विभाग की टीम मौजूद रही।
पुलिस-प्रशासन की इस पहल से जनता को अपनी समस्या के लिए कार्यालयों के चक्कर लगाने के बजाय मौके पर ही अधिकारियों तक अपनी बात पहुंचाने का अवसर मिल रहा है। राजघाट पुलिस की यह सक्रियता न केवल विवादों के समय रहते समाधान की दिशा में अहम कदम है, बल्कि पुलिस और आमजन के बीच बेहतर संवाद एवं विश्वास मजबूत करने की पहल भी मानी जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button