गाजीपुर : यातायात नियम तोड़ने पर 852 वाहनों का चालान, 11.11 लाख रुपये का शमन शुल्क

यातायात नियम तोड़ने पर 852 वाहनों का चालान, 11.11 लाख रुपये का शमन शुल्क

गाजीपुर, 22 अगस्त। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक गाजीपुर डॉ. ईरज राजा के निर्देश पर 21 अगस्त को मोटर वाहन अधिनियम का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान वाहन चालकों को हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग करने तथा यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक भी किया गया।अपर पुलिस अधीक्षक नगर डॉ. राकेश कुमार मिश्र एवं प्रभारी निरीक्षक यातायात बालेंद्र कुमार के नेतृत्व में यातायात पुलिस और परिवहन विभाग की टीम ने जनपद में प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई की। अभियान के दौरान करीब 7,197 वाहनों की जांच की गई।नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ यातायात पुलिस द्वारा 497 तथा जनपद के विभिन्न थानों की पुलिस द्वारा 355, कुल 852 वाहनों का चालान किया गया। इन वाहनों पर कुल 11,11,500 रुपये का शमन शुल्क अधिरोपित किया गया।पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें और सुरक्षित यातायात के लिए सभी नियमों का पालन करें।



