गोरखपुर दो दिवसीय दौरे पर आज पहुचे मुख्यमंत्री योगी:कल कल्याण मंडपम का करेंगे लोकार्पण; राष्ट्रपति के आगमन की देखेंगे तैयारी

गोरखपुर दो दिवसीय दौरे पर आज पहुचे मुख्यमंत्री योगी:कल कल्याण मंडपम का करेंगे लोकार्पण; राष्ट्रपति के आगमन की देखेंगे तैयारी
गोरखपुर, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को सूरजकुंड में नगर निगम द्वारा निर्मित कल्याण मंडपम का शुक्रवार को उद्घाटन करेंगे। 4.52 करोड़ रुपये की लागत से तैयार कल्याण मंडपम के लोकार्पण को लेकर नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल ने अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री गुरुवार की शाम तक गोरखपुर पहुंच सकते हैं। 6 जून को लोकार्पण कार्यक्रम को लेकर नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल ने तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने अधूरे कार्यों को समय रहते पूरा करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री यहां जनसभा को भी संबोधित करेंगे। इसके लिए जर्मन हैंगर लगाने का काम होना है। 15वें वित्त आयोग के बजट से नगर निगम सूरजकुंड में 4.52 करोड़ की लागत से कल्याण मंडपम का निर्माण कराया गया है।
लगभग 35500 वर्ग फीट एरिया में बने कल्याण मंडपम में वातानुकूलित बड़ा हॉल होगा। इसके साथ ही किचेन, पार्किंग की सुविधा होगी। इसमें 5 एसी कमरे, डॉरमेट्री के साथ-साथ स्नानघर, शौचालय इत्यादि की व्यवस्था की गई है। इस कल्याण मंडपम के निर्माण से शहरी आबादी के मध्यम वर्ग एवं निम्न वर्ग के लोगों को किसी भी प्रकार के अनुष्ठान एवं मांगलिक कार्यक्रम कराये जाने हेतु सस्ता एवं किफायती दरों पर उच्च कोटि की सुविधा प्राप्त होगी। यहां एक साथ दो अनुष्ठान एवं मांगलिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा सकता है। सूरजकुंड कल्याण मंडपम के निर्माण से 10 वार्डो की लगभग 2 लाख आबादी लाभान्वित होगी। इससे पूर्व नगर निगम द्वारा खोराबार में एक कल्याण मंडपम का लोकार्पण कराया जा चुका है। इसके अतिरिक्त मानबेला, मोहरीपुर, राप्तीनगर, बिछिया एवं नकहा में कल्याण मंडपम निर्माणाधीन है। नगर आयुक्त के साथ निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता अमरनाथ, सहायक अभियंता शैलेश कुमार, अवर अभियंता अतुल कुमार आदि उपस्थित रहे