Breaking Newsभारत

गाजीपुर : किसान दिवस में गूंजे किसानों के मुद्दे, जर्जर बिजली तार और सिंचाई व्यवस्था सुधारने की मांग

किसान दिवस में गूंजे किसानों के मुद्दे, जर्जर बिजली तार और सिंचाई व्यवस्था सुधारने की मांग

गाजीपुर, 19 अगस्त। विकास भवन के सभागार में परियोजना निदेशक की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा जनपद के सभी विकासखंडों से आए प्रगतिशील किसानों ने भाग लिया। बैठक में किसानों ने सिंचाई, बिजली, पशु टीकाकरण सहित विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।किसान दिवस में सहायक अभियंता लघु सिंचाई के अनुपस्थित रहने पर उनका वेतन बाधित करने का निर्देश दिया गया। जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि कैच क्रॉप के रूप में बोई जाने वाली तोरिया फसल के निःशुल्क बीज वितरण के लिए बुकिंग प्रक्रिया चल रही है। किसान अपने नजदीकी जनसेवा केंद्र अथवा मोबाइल के माध्यम से तोरिया बीज की बुकिंग करा सकते हैं।उन्होंने बताया कि कृषि यंत्रीकरण योजना के तहत कृषि यंत्रों की बुकिंग कराने वाले किसानों के लिए ई-लॉटरी 20 या 21 अगस्त को प्रस्तावित है। इसकी सूचना समाचार पत्रों एवं व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से किसानों को दी जाएगी।जिला कृषि अधिकारी ने पीएम किसान योजना के अंतर्गत फॉर्मर रजिस्ट्री अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि 16 से 21 अगस्त तक ग्रामवार अभियान चलाया जा रहा है। जिन किसानों की फॉर्मर रजिस्ट्री नहीं बन पाई है और उनका अंश निर्धारण हो चुका है, वे संबंधित लेखपाल, जनसेवा केंद्र अथवा कृषि विभाग के कर्मचारियों से संपर्क कर जल्द अपनी फॉर्मर रजिस्ट्री बनवा लें।कृषक शिवकुमार राय निवासी सियाड़ी, भावरकोल ने बताया कि उनके गांव में अभी तक एफएमडी (मुंहपका-खुरपका) का टीका नहीं लगा है। उन्होंने गांव में पशुओं के टीकाकरण की व्यवस्था कराने की मांग की। वहीं कृषक पवन यादव निवासी ताड़ीघाट एवं जितेंद्र राय निवासी मिर्जाबाद ने भी अपने गांवों में एफएमडी टीकाकरण कराने का अनुरोध किया।कृषक चंद्रबली राय निवासी ढढ़नी ने शिकायत की कि जमानिया पंप कैनाल से ताड़ीघाट रजवाहा होते हुए ढढ़नी से चौरी माइनर निकली है, लेकिन आज तक टेल तक पानी नहीं पहुंचा है। उन्होंने माइनर के टेल तक पानी पहुंचाने की मांग की।कृषक कृष्णानंद राय ने ग्राम उतरौली में बने चेकडैम का स्ट्रक्चर खराब होने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि इससे करीब 150 हेक्टेयर खेत में पानी लगा हुआ है। चेकडैम को दुरुस्त कराने की मांग की गई।कृषक ईश्वर शरण उपाध्याय ने महरौली विद्युत उपकेंद्र की क्षमता बढ़ाने की मांग की, जिससे किसानों को सिंचाई में परेशानी न हो। वहीं ग्राम पकड़ी के कृषक अनूप राय ने जर्जर विद्युत तारों की शिकायत की। उन्होंने बताया कि कई बार शिकायत के बावजूद तार नहीं बदले गए हैं, जिससे कभी भी अप्रिय घटना हो सकती है। उन्होंने जर्जर तार बदलने के साथ ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाने की मांग की, ताकि खेतों की सिंचाई सुचारु रूप से हो सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button