गाजीपुर : कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में खंड शिक्षा अधिकारियों ने किया निरीक्षण, छात्राओं संग किया सहभोज

कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में खंड शिक्षा अधिकारियों ने किया निरीक्षण, छात्राओं संग किया सहभोज
गाजीपुर, 19 अगस्त। जनपद में संचालित 14 कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों की शैक्षिक एवं व्यवस्थागत स्थिति का जायजा लेने के लिए सभी खंड शिक्षा अधिकारियों ने अपने-अपने विकासखंड में स्थित विद्यालयों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पठन-पाठन, छात्राओं की उपस्थिति, आवासीय व्यवस्था, भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता, सुरक्षा, पेयजल, स्वास्थ्य सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति देखी।निरीक्षण के दौरान खंड शिक्षा अधिकारियों ने छात्राओं एवं विद्यालय स्टाफ के साथ बैठकर सहभोज किया।
इस दौरान भोजन की गुणवत्ता एवं स्वच्छता का प्रत्यक्ष रूप से परीक्षण किया गया। अधिकारियों ने छात्राओं से संवाद कर उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं तथा विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।अधिकारियों ने छात्राओं को नियमित अध्ययन करने, अनुशासन बनाए रखने तथा उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय की वार्डेन एवं संबंधित कर्मचारियों को छात्राओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और गुणवत्तापूर्ण भोजन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों की नियमित निगरानी करने तथा छात्राओं को सुरक्षित, स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।



