गाजीपुर : कोटेदारों के लाभांश में 30 प्रतिशत वृद्धि से बढ़ा सम्मान, अब ₹125 प्रति कुंतल मिलेगा लाभांश

कोटेदारों के लाभांश में 30 प्रतिशत वृद्धि से बढ़ा सम्मान, अब ₹125 प्रति कुंतल मिलेगा लाभांश
गाजीपुर की सातों विधानसभाओं में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का हुआ सजीव प्रसारण, कोटेदारों ने जताई खुशी

गाजीपुर, 17 अगस्त 2026। बांसगांव संदेश। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा उचित दर विक्रेताओं के हित में लाभांश में 30 प्रतिशत की वृद्धि कर ₹125 प्रति कुंतल किए जाने के अवसर पर सोमवार को जनपद गाजीपुर की सभी सातों विधानसभा क्षेत्रों—सदर, जंगीपुर, जखनियां, जमानियां, जहूराबाद, मुहम्मदाबाद एवं सैदपुर—में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का भव्य एवं समारोहपूर्वक सजीव प्रसारण किया गया। मुख्य कार्यक्रम लोक भवन, लखनऊ में आयोजित हुआ, जिसका जनपद के सभी विधानसभा क्षेत्रों में सीधे प्रसारण के माध्यम से बड़ी संख्या में उचित दर विक्रेताओं, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने सहभागिता की।सदर विधानसभा क्षेत्र का कार्यक्रम राइफल क्लब, गाजीपुर में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत उपस्थित रहीं। उनके अतिरिक्त जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सपना सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष सुनील सिंह, जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला, अपर जिलाधिकारी वेद सिंह चौहान, जिला पूर्ति अधिकारी अनंत प्रताप सिंह सहित अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उचित दर विक्रेताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और लाभांश में वृद्धि के निर्णय पर प्रसन्नता व्यक्त की। जनपद की अन्य विधानसभा क्षेत्रों में भी संबंधित उप जिलाधिकारियों को नोडल अधिकारी नामित करते हुए जनप्रतिनिधियों एवं उचित दर विक्रेताओं की उपस्थिति में कार्यक्रम संपन्न कराया गया। जमानियां विधानसभा क्षेत्र में कार्यक्रम की मुख्य अतिथि पूर्व विधायक श्रीमती सुनीता सिंह रहीं।लखनऊ के लोक भवन से मुख्यमंत्री के संबोधन एवं लाभांश वृद्धि की घोषणा का सजीव प्रसारण उपस्थित लोगों ने देखा और सुना। मुख्यमंत्री ने उचित दर विक्रेताओं की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने शासन और जनता के बीच विश्वास को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उचित दर विक्रेता सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य कर रहे हैं।मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार उचित दर विक्रेताओं के हितों एवं उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इसी क्रम में उनके लाभांश में 30 प्रतिशत की वृद्धि कर ₹125 प्रति कुंतल किए जाने का निर्णय लिया गया है।मुख्यमंत्री ने प्रदेश के प्रत्येक गांव में अन्नपूर्णा भवन स्थापित किए जाने के लक्ष्य की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में अब तक लगभग 10 हजार अन्नपूर्णा भवनों का निर्माण कराया जा चुका है। इनके निर्माण में तेजी लाने के लिए राज्य सरकार द्वारा ₹500 करोड़ की धनराशि उपलब्ध कराई गई है। अन्नपूर्णा भवनों के माध्यम से उचित दर दुकानों को अधिक सुविधायुक्त एवं बहुउद्देशीय बनाने की दिशा में पहल की जा रही है।मुख्यमंत्री ने बताया कि उचित दर विक्रेता सरकारी खाद्यान्न वितरण के साथ अपनी दुकानों से दैनिक उपयोग की लगभग 39 अन्य वस्तुओं की बिक्री भी कर सकेंगे। इससे कोटेदारों की आय के अतिरिक्त स्रोत विकसित होंगे और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को आवश्यक वस्तुएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी।इस घोषणा पर उपस्थित उचित दर विक्रेताओं ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया।लाभांश वृद्धि को बताया कोटेदारों के लिए उपहार,राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत ने कहा कि अन्नपूर्णा भवन संचालकों के लिए लाभांश वृद्धि की घोषणा किसी उपहार से कम नहीं है। उन्होंने सभी संचालकों को श्रावण मास, नागपंचमी पर्व एवं लाभांश वृद्धि पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि उचित दर विक्रेताओं के लाभांश में वृद्धि से उनका सम्मान बढ़ा है और यह निर्णय उनके लिए आर्थिक रूप से भी लाभकारी सिद्ध होगा।उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में कोटेदारों के मान-सम्मान में वृद्धि हुई है तथा जनता का विश्वास भी उनके प्रति मजबूत हुआ है। अन्नपूर्णा भवनों के माध्यम से उचित दर विक्रेता खाद्यान्न के साथ अन्य आवश्यक वस्तुओं की बिक्री कर अतिरिक्त आय अर्जित कर सकेंगे। इन भवनों में वेयरहाउस की सुविधा भी उपलब्ध होगी, जिससे आवश्यक वस्तुओं का सुरक्षित रख-रखाव और स्वतंत्र रूप से विक्रय किया जा सकेगा।पात्र लाभार्थियों तक राशन पहुंचाना प्राथमिकता : जिलाधिकारीजिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने कहा कि राशन प्रत्येक पात्र व्यक्ति का मूलभूत अधिकार है और यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि सभी पात्र लोगों तक राशन पहुंचे। उन्होंने बताया कि राशन वितरण व्यवस्था में बायोमेट्रिक विधि सहित कई सुधार किए गए हैं। स्वयं सहायता समूहों को भी इस व्यवस्था से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि ऐसे राशन कार्डधारक जो अन्यत्र स्थानांतरित हो चुके हैं, उन्हें चिन्हित किया जा रहा है। पात्र व्यक्तियों, दिव्यांगजनों सहित अन्य जरूरतमंद लोगों को राशन कार्ड से जोड़ने की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही पात्र लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड एवं फैमिली आईडी से भी आच्छादित किया जा रहा है।जिलाधिकारी ने कहा कि उचित दर विक्रेता सीधे जरूरतमंद उपभोक्ताओं से जुड़े होते हैं और प्रशासन तथा उपभोक्ताओं के बीच महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य करते हैं। लाभांश में वृद्धि से उनका मनोबल बढ़ेगा और वे भविष्य में भी बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित होंगे।कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं उचित दर विक्रेताओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया। जनपद की सभी सातों विधानसभाओं में आयोजित कार्यक्रमों में कोटेदारों की उत्साहपूर्ण सहभागिता देखने को मिली।



