Breaking Newsभारत

लखनऊ : ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत शहीदों एवं महापुरुषों की प्रतिमाओं पर स्वच्छता श्रमदान एवं माल्यार्पण

‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत शहीदों एवं महापुरुषों की प्रतिमाओं पर स्वच्छता श्रमदान एवं माल्यार्पण

डॉ. नीरज सिंह ने अमर शहीद कैप्टन मनोज पांडेय की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया नमन

लखनऊ, 13 अगस्त 2026। भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत शहीदों एवं महापुरुषों की प्रतिमाओं तथा उनके स्मारक स्थलों पर स्वच्छता श्रमदान एवं माल्यार्पण कार्यक्रमों की श्रृंखला में आज प्रातः गोमती नगर स्थित परमवीर चक्र विजेता अमर शहीद कैप्टन मनोज कुमार पांडेय चौराहे पर कार्यक्रम आयोजित किया गया।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. नीरज सिंह ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ कैप्टन मनोज पांडेय की प्रतिमा एवं आसपास के परिसर में स्वच्छता श्रमदान किया। इसके उपरांत उन्होंने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर अमर शहीद कैप्टन मनोज पांडेय के अदम्य साहस, शौर्य और सर्वोच्च बलिदान को श्रद्धापूर्वक नमन किया।

इस अवसर पर डॉ. नीरज सिंह ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय स्वाभिमान और अपने वीर शहीदों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का जनअभियान है। देश की रक्षा और सम्मान के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर सपूतों की स्मृतियों को संजोना और उनके स्मारक स्थलों की गरिमा बनाए रखना हम सभी का दायित्व है।

उन्होंने कहा, “तिरंगा हमारी आन, बान और शान के साथ राष्ट्रीय एकता एवं स्वाभिमान का प्रतीक है। कैप्टन मनोज पांडेय जैसे वीर सपूतों का जीवन हमें राष्ट्र को सदैव सर्वोपरि रखने की प्रेरणा देता है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के माध्यम से हमें विशेष रूप से युवा पीढ़ी तक अपने वीर शहीदों के शौर्य, त्याग और बलिदान का संदेश पहुंचाना है।”

डॉ. नीरज सिंह ने कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों से आह्वान किया कि वे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में पूरे उत्साह के साथ सहभागिता करें, अपने घरों पर गर्व के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराएं तथा अपने आसपास स्थित शहीदों एवं महापुरुषों के स्मृति स्थलों की गरिमा बनाए रखने में भी अपना योगदान दें।

कार्यक्रम में उपस्थित भाजपा कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों ने भी स्वच्छता श्रमदान में सहभागिता की तथा अमर शहीद कैप्टन मनोज कुमार पांडेय को श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके राष्ट्र के प्रति सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button