गोरखपुर : भू-माफियाओं के आतंक से परेशान पीड़ित ने लगाई न्याय की गुहार

भू-माफियाओं के आतंक से परेशान पीड़ित ने लगाई न्याय की गुहार
गोरखपुर |मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जनपद गोरखपुर में भू-माफियाओं का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। दीवान बाजार निवासी रविंद्र कुमार अग्रवाल ने बताया कि भू-माफियाओं के डर और भय के कारण स्थानीय लोग सहमे हुए हैं।
पीड़ित रविंद्र कुमार के अनुसार, उनकी पुश्तैनी भूमि (राजस्व ग्राम दीवान बाजार, स्थित आराजी संख्या 273) 1910 से उनके परिवार के नाम दर्ज है। इसके बावजूद, नितिन श्रीवास्तव और मदनलाल नामक व्यक्ति उनके द्वारा दी गई कानूनी आदेशों की अवहेलना कर उस भूमि पर जबरन मलबा डालकर निर्माण कार्य कर रहे हैं। लोक निर्माण विभाग द्वारा मलबा हटाने का आदेश मिलने के बाद भी दबंगों ने निर्माण नहीं रोका है। पीड़ित का कहना है कि जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो उन्हें जान-माल की धमकी दी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि दबंगों के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्होंने पुलिस और प्रशासन की उपस्थिति में भी जेसीबी के सामने लेटकर काम को आगे बढ़ाया।
पीड़ित ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखकर मामले में त्वरित हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि 11 जुलाई 2026 तक निर्माण कार्य पर स्थगन आदेश (स्टे ऑर्डर) का पालन नहीं हुआ, तो वे स्वयं मौके पर आकर निर्माण रोकने का प्रयास करेंगे। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि इस दौरान होने वाली किसी भी अप्रिय घटना की पूरी जिम्मेदारी स्थानीय प्रशासन और अधिकारियों की होगी।



