भुड़कुड़ा (गाजीपुर) : जन सेवा केंद्र संचालक को पिस्तौल दिखाकर धमकाने का आरोप, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

जन सेवा केंद्र संचालक को पिस्तौल दिखाकर धमकाने का आरोप, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
भुड़कुड़ा (गाजीपुर)। जनपद गाजीपुर के कोतवाली भुड़कुड़ा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा झोटना में संचालित एक जन सेवा केंद्र पर कथित रूप से पिस्तौल लहराकर धमकाने और रुपये की मांग करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम सभा झोटना निवासी एवं जन सेवा केंद्र संचालक प्रशांत मौर्य ने कोतवाली भुड़कुड़ा में दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि गांव के मनोज सिंह ने उनके जन सेवा केंद्र पर पहुंचकर पिस्तौल लहराते हुए धमकी दी तथा रुपये की मांग की। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।पीड़ित की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कोतवाली भुड़कुड़ा पुलिस ने आरोपी मनोज सिंह के विरुद्ध धारा 351(3) बीएनएस तथा आयुध अधिनियम की धारा 30 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर लिया है।इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र पांडेय ने बताया कि मामला संज्ञान में है। पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है तथा पूरे प्रकरण की जांच करते हुए विधिक कार्रवाई की जा रही है। यदि जांच में अन्य तथ्य सामने आते हैं तो उनके अनुसार भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी तथा किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।



