गाजीपुर : प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) में पारदर्शिता पर जोर, समयबद्ध निर्माण के दिए निर्देश

प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) में पारदर्शिता पर जोर, समयबद्ध निर्माण के दिए निर्देश
सीडीओ आलोक प्रसाद ने जनपद स्तरीय निगरानी समिति की बैठक में अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

गाजीपुर, 4 जुलाई। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के प्रभावी एवं पारदर्शी क्रियान्वयन तथा पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध रूप से पक्का आवास उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद स्तरीय निगरानी समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद ने की।बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) सर्वे-2024 के तहत ग्राम पंचायतों में आयोजित खुली बैठकों में चयनित पात्र लाभार्थियों की सूची को समयबद्ध ढंग से पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश सभी खंड विकास अधिकारियों को दिए गए। इसके साथ ही योजना की प्रगति, स्वीकृत आवासों के निर्माण, भुगतान की स्थिति और लंबित मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई।मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि योजना के अंतर्गत स्वीकृत सभी आवासों का निर्माण निर्धारित समय सीमा में पूरा कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रत्येक पात्र एवं आवासहीन परिवार को पक्का आवास उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।बैठक में विकासखंडवार निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्माणाधीन आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने, लाभार्थियों को समय से किस्तों का भुगतान सुनिश्चित करने तथा नियमित भौतिक सत्यापन कराने के निर्देश दिए गए। जिन लाभार्थियों ने निर्माण कार्य शुरू नहीं किया है या कार्य की प्रगति धीमी है, उनसे व्यक्तिगत संपर्क कर आवश्यक सहयोग प्रदान करने और निर्धारित समय में निर्माण पूरा कराने के लिए प्रेरित करने को कहा गया।सीडीओ ने योजना के संचालन में पूर्ण पारदर्शिता बनाए रखने पर जोर देते हुए कहा कि केवल पात्र लाभार्थियों को ही योजना का लाभ मिलना चाहिए। यदि किसी स्तर पर अपात्र व्यक्ति के चयन या अनियमितता की शिकायत मिलती है तो तत्काल जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को नियमित स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।बैठक में लाभार्थियों के सत्यापन, जियो टैगिंग, भुगतान की प्रगति, लंबित मामलों के निस्तारण सहित अन्य तकनीकी बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। सभी संबंधित अधिकारियों ने अपने-अपने विकासखंडों की प्रगति से समिति को अवगत कराते हुए निर्धारित लक्ष्य समयबद्ध रूप से पूरा करने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी राजन राय, परियोजना निदेशक महेन्द्र प्रताप यादव, डीसी मनरेगा विजय यादव तथा सभी खंड विकास अधिकारी उपस्थित रहे।



