यूपी के राजस्व में 1,568 करोड़ की बढ़ोतरी, पहली तिमाही में 73.4 प्रतिशत लक्ष्य हासिल

यूपी के राजस्व में 1,568 करोड़ की बढ़ोतरी, पहली तिमाही में 73.4 प्रतिशत लक्ष्य हासिल
यूपी के राजस्व में 1,568 करोड़ की बढ़ोतरी हुई है। पहली तिमाही में 73.4 प्रतिशत का लक्ष्य हासिल कर लिया गया है।
उत्तर प्रदेश में जून 2026 के दौरान प्रमुख कर एवं गैर-कर राजस्व मदों से 19,551 करोड़ रुपये की प्राप्ति हुई, जो जून 2025 के मुकाबले 1,568 करोड़ रुपये अधिक है। वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने शुक्रवार को बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) में प्रमुख कर राजस्व मदों में 60,825.60 करोड़ रुपये की प्राप्ति हुई, जो निर्धारित लक्ष्य का 73.4 प्रतिशत है।
उन्होंने बताया कि पहली तिमाही में राज्य कर से 31,928.64 करोड़ रुपये, आबकारी से 15,812.21 करोड़ रुपये (95.8 प्रतिशत लक्ष्य) और परिवहन विभाग से 3,667.98 करोड़ रुपये (100.9 प्रतिशत लक्ष्य) का राजस्व प्राप्त हुआ।
जून माह में जीएसटी से 7,279 करोड़, वैट से 3,197 करोड़, आबकारी से 5,174 करोड़, परिवहन से 1,123 करोड़ तथा भू-तत्व एवं खनिकर्म विभाग से 428 करोड़ रुपये का राजस्व मिला। हालांकि स्टांप एवं निबंधन से प्राप्त राजस्व 2,350 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले वर्ष जून की तुलना में 316 करोड़ रुपये कम है।



