भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का लखनऊ में भव्य स्वागत, एयरपोर्ट पहुंचे योगी; 18 किमी का रोड शो

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का लखनऊ में भव्य स्वागत, एयरपोर्ट पहुंचे योगी; 18 किमी का रोड शो
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के लखनऊ पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री और प्रदेश नेतृत्व ने एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया। एयरपोर्ट से पार्टी मुख्यालय तक 18 किलोमीटर लंबे रोड शो में 42 से अधिक स्थानों पर अभिनंदन होगा। स्वागत के लिए हजारों कार्यकर्ता और व्यापक तैयारियां की गई हैं।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन शनिवार सुबह लखनऊ पहुंचे। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया। एयरपोर्ट से भाजपा प्रदेश मुख्यालय तक करीब 18 किलोमीटर लंबे रोड शो के दौरान 42 से अधिक स्थानों पर उनका अभिनंदन किया जाएगा।
स्वागत के लिए 50 हजार से अधिक कार्यकर्ता और पदाधिकारी तैनात किए गए हैं, जबकि राजधानी में एक लाख से अधिक पोस्टर और बैनर लगाए गए हैं। पूरे मार्ग पर विभिन्न संगठनों द्वारा स्वागत की विशेष तैयारियां की गई हैं।
रात्रि का भोजन वह मुख्यमंत्री योगी के साथ करेंगे
कार्यालय पहुंचकर वह प्रदेश पदाधिकारियों, क्षेत्रीय अध्यक्षों और जिला अध्यक्षों के साथ बैठक करेंगे। शनिवार शाम 4 बजे हनुमान सेतु मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप-मुख्यमंत्रियों केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक और भाजपा सांसदों, विधायकों के साथ बैठक करेंगे। रात्रि का भोजन वह मुख्यमंत्री योगी के साथ करेंगे।
रविवार, 5 जुलाई को नितिन नबीन भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्षों के साथ चाय पर संवाद करेंगे। सुबह 9:30 बजे वह एनडीए नेताओं के साथ संयुक्त बैठक करेंगे। इसके बाद 10:30 बजे दोनों उप-मुख्यमंत्रियों से अलग-अलग चर्चा करेंगे। दोपहर 2:45 बजे राष्ट्र प्रेरणा स्थल में शक्ति केंद्र संयोजक सम्मेलन को संबोधित करेंगे। शाम 5 बजे वह बूथ अध्यक्ष शिवाजी रावत के आवास पर बूथ गतिविधियों पर चर्चा करेंगे।



