Breaking Newsभारत

गाजीपुर : प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना: 43 चयनित गांवों के समग्र विकास के लिए डीएम ने दिए तीन दिन में कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश

प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना: 43 चयनित गांवों के समग्र विकास के लिए डीएम ने दिए तीन दिन में कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश

गाजीपुर, 03 जुलाई 2026। प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं चयनित गांवों के समग्र विकास को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में चयनित 43 ग्रामों से संबंधित विकास खंडों के ग्राम प्रधान, पंचायत सचिव, सहायक ग्राम विकास अधिकारी एवं अन्य अधिकारियों ने भाग लिया।बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना का उद्देश्य चयनित गांवों में आधारभूत सुविधाओं का विकास, सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण तथा सभी पात्र लाभार्थियों तक सरकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पहुंचाना है।

उन्होंने अधिकारियों और ग्राम प्रधानों को निर्देश दिया कि गांवों की आवश्यकताओं का सूक्ष्म सर्वेक्षण कर प्राथमिकता के आधार पर ग्राम विकास योजना (वीडीपी) तैयार की जाए और तीन दिनों के भीतर सभी प्रस्ताव गुणवत्ता के साथ तैयार किए जाएं।

जिलाधिकारी ने पेयजल, स्वच्छता, सड़क, विद्युत, शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, आवास, सामाजिक सुरक्षा एवं आजीविका से जुड़ी योजनाओं के समन्वित क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया।

उन्होंने विकास कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए।बैठक में ग्राम प्रधानों से ग्राम स्तर पर संचालित विकास कार्यों की जानकारी ली गई और उन्हें जनसहभागिता बढ़ाने, पारदर्शी कार्यप्रणाली अपनाने तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया। वहीं पंचायत सचिवों एवं सहायक ग्राम विकास अधिकारियों को शासनादेश के अनुरूप वीडीपी तैयार कर संबंधित तकनीकी अधिकारियों से आगणन बनवाते हुए समयबद्ध ढंग से विकास कार्यों को पूरा कराने के निर्देश दिए गए।जिलाधिकारी ने कहा कि प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के माध्यम से चयनित गांवों को आत्मनिर्भर, स्वच्छ, समृद्ध और विकसित बनाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें, ताकि ग्रामीणों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं मिलें और उनके जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव लाकर इन गांवों को आदर्श ग्राम के रूप में विकसित किया जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button