Breaking Newsभारत

गाजीपुर : ‘संभव 6.0’ अभियान को मिशन मोड में चलाने के निर्देश, गर्भवती महिलाओं व कुपोषित बच्चों पर रहेगा विशेष फोकस

‘संभव 6.0’ अभियान को मिशन मोड में चलाने के निर्देश, गर्भवती महिलाओं व कुपोषित बच्चों पर रहेगा विशेष फोकस

मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद ने की जनपद स्तरीय समन्वय बैठक, तीन माह से बंद टीकाकरण पर जताई नाराजगी

गाजीपुर, 1 जुलाई। बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग द्वारा संचालित ‘संभव 6.0’ अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर बुधवार को विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में जुलाई से सितंबर 2026 तक चलने वाले अभियान की रणनीति और कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक में बताया गया कि इस वर्ष अभियान की थीम “गर्भावस्था से बाल्यावस्था तक पोषण सुरक्षा” निर्धारित की गई है। अभियान के तहत गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व एवं प्रसवोत्तर जांच, कम वजन वाले नवजात शिशुओं की विशेष निगरानी तथा जन्म से छह माह तक के बच्चों को कुपोषण से बचाने एवं उनके प्रभावी उपचार पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

मुख्य विकास अधिकारी ने सभी सीडीपीओ और संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि गर्भवती महिलाओं, कुपोषित एवं अति कुपोषित बच्चों की समयबद्ध पहचान, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, पोषण प्रबंधन, गृह भ्रमण तथा विभागीय समन्वय को प्राथमिकता देते हुए अभियान को मिशन मोड में संचालित किया जाए, ताकि सभी पात्र लाभार्थियों तक गुणवत्तापूर्ण सेवाएं समय पर पहुंच सकें।समीक्षा बैठक के दौरान भदौरा विकास परियोजना से जानकारी मिली कि ग्राम बारा में पिछले तीन माह से आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा टीकाकरण नहीं कराया जा रहा है। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल टीकाकरण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी, सभी बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ), मुख्य सेविकाएं, सुपरवाइजर, जिला पंचायत राज अधिकारी, चिकित्सा विभाग के उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला विकास अधिकारी राजन राय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सीडीओ ने सभी अधिकारियों से अभियान की नियमित समीक्षा करते हुए विभागीय समन्वय के माध्यम से जनपद को कुपोषण मुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी कार्य करने का आह्वान किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button