Breaking Newsभारत

जखनियां (गाजीपुर) : मातृभूमि संगठन ने डीएम को सौंपा सात सूत्रीय मांगपत्र, जखनियां के समग्र विकास की उठाई मांग

मातृभूमि संगठन ने डीएम को सौंपा सात सूत्रीय मांगपत्र, जखनियां के समग्र विकास की उठाई मांग

डिजिटल पुस्तकालय, नगर पंचायत का दर्जा, 100 बेड अस्पताल, स्टेडियम और औद्योगिक इकाई स्थापित करने की मांग

जखनियां (गाजीपुर)। मातृभूमि संगठन, जखनियां की ओर से मंगलवार को जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला को सात सूत्रीय मांगपत्र सौंपकर जखनियां तहसील क्षेत्र के समग्र विकास और जनसुविधाओं के विस्तार की मांग की गई। संगठन के पदाधिकारियों ने शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, खेल एवं किसानों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन से प्रभावी पहल करने का आग्रह किया।मांगपत्र में कहा गया कि जखनियां तहसील क्षेत्र आज भी विकास की दृष्टि से अपेक्षाकृत पिछड़ा हुआ है। ऐसे में क्षेत्र के समग्र विकास के लिए आवश्यक योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर लागू किया जाना चाहिए।मातृभूमि संगठन ने मांग की कि जखनियां बाजार में गरीब एवं किसान परिवारों के विद्यार्थियों के लिए निशुल्क आधुनिक डिजिटल सरकारी पुस्तकालय की स्थापना की जाए। साथ ही जखनियां बाजार को नगर पंचायत का दर्जा देने, क्षेत्र में औद्योगिक कल-कारखानों की स्थापना कर स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने तथा सरकारी अस्पताल जखनियां को उच्चीकृत कर 100 बेड का अस्पताल बनाने की मांग की गई।इसके अलावा पशु चिकित्सालय जखनियां, आयुर्वेदिक अस्पताल हुसैनपुर (जो वर्तमान में जखनियां बाजार में संचालित है) तथा होम्योपैथिक अस्पताल के जर्जर भवनों के स्थान पर नए भवनों का निर्माण, खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के लिए जखनियां में स्टेडियम की स्थापना तथा किसानों की उपज के सुरक्षित भंडारण के लिए सरकारी गोदाम बनाने की मांग भी प्रमुख रूप से उठाई गई।संगठन के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी से जनहित से जुड़ी इन मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया, ताकि जखनियां क्षेत्र के विकास को नई गति मिल सके।मांगपत्र सौंपने वालों में मातृभूमि संगठन के अध्यक्ष आरिफ अंसारी, गंभीर यादव, अश्वनी सिंह, वेद प्रकाश पांडे, आदिल अंसारी, विवेक गुप्ता सहित संगठन के अन्य सदस्य एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button